Home » Education / Employment » CBSE का दावा: OnMark पोर्टल की खामियां दूर, सुरक्षा जांच जारी

CBSE का दावा: OnMark पोर्टल की खामियां दूर, सुरक्षा जांच जारी

शिक्षा | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 1 जून 2026

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अपने ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OnMark) पोर्टल में सामने आई सुरक्षा खामियों को लेकर बड़ा बयान जारी करते हुए कहा है कि चिन्हित कमजोरियों को नियंत्रित कर लिया गया है और अन्य संभावित खतरों की भी जांच की जा रही है।

यह मामला तब सामने आया जब 19 वर्षीय एथिकल हैकर निसर्ग अधिकारी ने दावा किया कि उसने CBSE की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में सुरक्षा संबंधी खामियों का पता लगाया है। उनके अनुसार, कुछ ऑटोमेशन स्क्रिप्ट्स के माध्यम से छात्रों की व्यक्तिगत जानकारी प्रोसेस की जा रही थी, जिससे डेटा सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए।

CBSE ने स्पष्ट किया है कि विशेषज्ञों द्वारा बताई गई कमजोरियों को तत्काल प्रभाव से ठीक किया गया है और सिस्टम की व्यापक सुरक्षा समीक्षा जारी है। बोर्ड ने यह भी कहा कि ऐसे नागरिकों और एथिकल हैकर्स का वह आभारी है, जिन्होंने जिम्मेदारी के साथ इन खामियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।

बोर्ड के अनुसार, डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि छात्रों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहे। CBSE ने बताया कि तकनीकी टीम लगातार पोर्टल की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की संभावित साइबर सुरक्षा चुनौती को समय रहते रोका जा सके।

इस विवाद ने देश में डिजिटल परीक्षा और मूल्यांकन प्रणालियों की सुरक्षा पर नई बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षा क्षेत्र में बढ़ते डिजिटलीकरण के साथ डेटा सुरक्षा, गोपनीयता और साइबर निगरानी को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है।

ALSO READ  वकालत का पेशा: भारत में कानून और अवसर

गौरतलब है कि हाल के दिनों में CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म को लेकर कई सवाल उठे हैं। ऐसे में बोर्ड की यह प्रतिक्रिया छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच विश्वास बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *