[the_ad id="179"]
Home » National » जामिया में 8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं, दूसरे मिड-टर्म परीक्षाएं भी ऑनलाइन होंगी

जामिया में 8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं, दूसरे मिड-टर्म परीक्षाएं भी ऑनलाइन होंगी

वीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला; कैंपस के हालात की समीक्षा के बाद आगे की पढ़ाई के तरीके पर होगा निर्णय

राष्ट्रीय/ शिक्षा | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 26 अक्टूबर 2026

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पढ़ाई अब 8 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से जारी रहेगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय की ओर से 26 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, सभी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं अगले आदेश तक ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला कैंपस की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद लिया है।

आदेश के अनुसार, 26 अक्टूबर को शाम 5 बजे कुलपति की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के सभी डीन, विभागाध्यक्षों, निदेशकों और अन्य अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में कुलसचिव भी मौजूद थे। बैठक में कैंपस के हालात की विस्तार से समीक्षा के बाद कई फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।

8 नवंबर तक ऑनलाइन कक्षाएं

विश्वविद्यालय के आदेश में कहा गया है कि दिवाली की छुट्टियों यानी 8 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। इसके बाद कैंपस की स्थिति को देखते हुए तय किया जाएगा कि ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखी जाए या उसमें बदलाव किया जाए।

दूसरे मिड-टर्म सेमेस्टर परीक्षाएं भी ऑनलाइन

आदेश के मुताबिक, दूसरे मिड-टर्म सेमेस्टर की परीक्षाएं भी ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं की तारीख, परीक्षा कराने की प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देश संबंधित डीन, विभागाध्यक्ष और निदेशक परीक्षा नियंत्रक के परामर्श से तय करेंगे।

पीएचडी शोधार्थियों के लिए भी निर्देश

विश्वविद्यालय ने पीएचडी शोधार्थियों को अपने-अपने सुपरवाइजर से ऑनलाइन माध्यम से परामर्श करने का निर्देश दिया है। सभी डीन, विभागाध्यक्षों और निदेशकों को ऑनलाइन कक्षाओं तथा परीक्षाओं की व्यवस्था सुचारु रखने और विद्यार्थियों की उपस्थिति का नियमित रिकॉर्ड बनाए रखने को कहा गया है।

कैंपस की स्थिति पर आगे का फैसला

जामिया प्रशासन का यह आदेश ऐसे समय आया है, जब विश्वविद्यालय परिसर के हालात को लेकर चर्चा जारी है। फिलहाल आदेश में ऑनलाइन पढ़ाई और परीक्षाओं की व्यवस्था निर्धारित की गई है। 8 नवंबर के बाद कक्षाएं किस माध्यम से चलेंगी, इसका फैसला कैंपस की उस समय की स्थिति की समीक्षा के आधार पर होगा। आदेश पर कुलसचिव प्रो. एम.डी. महताब आलम रिजवी के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *