[the_ad id="179"]
Home » National » सीएम योगी और राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, लखनऊ में केस दर्ज

सीएम योगी और राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, लखनऊ में केस दर्ज

राष्ट्रीय / उत्तर प्रदेश | ABC NATIONAL NEWS | लखनऊ | 11 मई 2026

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी सुरक्षा चिंता की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने और अयोध्या स्थित राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मामले में लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक यूपी-112 के व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि “24 घंटे के भीतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हत्या कर दी जाएगी” और राम मंदिर को विस्फोट से उड़ाया जाएगा। संदेश सामने आते ही पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया सेल में तैनात इंस्पेक्टर सहेंद्र की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब उस व्हाट्सएप नंबर की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे धमकी भरा संदेश भेजा गया था। साइबर सेल, एसटीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी जांच में लगाया गया है।

सूत्रों के अनुसार, इस घटना की जानकारी यूपी के एडीजी कानून-व्यवस्था, सुरक्षा मुख्यालय और एंटी टेरर एजेंसियों को भी दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और डिजिटल लोकेशन ट्रैकिंग की जा रही है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी देने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले प्रयागराज से एक युवक को गिरफ्तार किया गया था, जिसने कथित तौर पर व्यक्तिगत रंजिश में फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री को धमकी दी थी। उस मामले में आरोपी ने एक महिला सिपाही के परिवार को फंसाने की कोशिश की थी।

ताजा मामले के बाद अयोध्या और लखनऊ समेत कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। राम मंदिर परिसर के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि धमकी के पीछे कोई संगठित नेटवर्क है या यह किसी व्यक्ति की शरारत है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *