Home » International » मेडिकेयर में फर्जी डायग्नोसिस कोड का मामला: एटना 117.7 मिलियन डॉलर चुकाने पर सहमत

मेडिकेयर में फर्जी डायग्नोसिस कोड का मामला: एटना 117.7 मिलियन डॉलर चुकाने पर सहमत

एबीसी नेशनल न्यूज | वॉशिंगटन | 12 मार्च 2026

अमेरिका की प्रमुख स्वास्थ्य बीमा कंपनी Aetna ने अमेरिकी सरकार द्वारा लगाए गए धोखाधड़ी के आरोपों को सुलझाने के लिए 117.7 मिलियन डॉलर (करीब 975 करोड़ रुपये) का भुगतान करने पर सहमति जताई है।

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार कंपनी पर आरोप था कि उसने Medicare से अधिक भुगतान प्राप्त करने के लिए अपने मेडिकेयर एडवांटेज प्लान में शामिल लोगों के स्वास्थ्य संबंधी गलत या बढ़ा-चढ़ाकर बताए गए डायग्नोसिस कोड जमा किए।

जांच में सामने आया कि कंपनी ने “मॉर्बिड ओबेसिटी” सहित कई स्वास्थ्य स्थितियों के गलत या संदिग्ध कोड दर्ज किए, जिससे सरकार से मिलने वाले भुगतान की राशि बढ़ जाती थी। अमेरिकी नियमों के अनुसार बीमा कंपनियों को मरीजों की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति के आधार पर ही कोड दर्ज करने होते हैं।

सरकारी अधिकारियों का कहना है कि गलत या बढ़ा-चढ़ाकर दर्ज किए गए इन कोडों के कारण मेडिकेयर कार्यक्रम को करोड़ों डॉलर का नुकसान हुआ। यह कार्यक्रम अमेरिका में बुजुर्गों और कुछ विशेष वर्गों के लोगों के लिए स्वास्थ्य बीमा सुविधा प्रदान करता है।

मामले में यह भी कहा गया कि कंपनी ने कुछ मामलों में ऐसे डायग्नोसिस कोड जमा किए जिनका पर्याप्त चिकित्सकीय आधार नहीं था। इसके चलते सरकार को अधिक भुगतान करना पड़ा।

हालांकि समझौते के तहत कंपनी ने किसी भी तरह की कानूनी जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है। कंपनी का कहना है कि उसने मामले को लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचने और विवाद खत्म करने के लिए यह समझौता किया है।

अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं में गलत जानकारी देकर सरकारी धन प्राप्त करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ALSO READ  फर्जी “विश्वगुरु” होने से बेहतर है क्लाउडिया शाइनबाम होना… जानिए क्यों?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *