एंटरटेनमेंट | मौबनी मजूमदार | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 27 अप्रैल 2026
मशहूर गायक कैलाश खेर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक इवेंट के दौरान होस्ट की बात पर नाराज़ होते नजर आ रहे हैं। मामला दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहां मंच पर मौजूद होस्ट ने उनसे गाना गाने का अनुरोध किया, लेकिन यह बात गायक को नागवार गुजर गई।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही होस्ट ने उनसे गाने के लिए कहा, कैलाश खेर ने साफ तौर पर मना कर दिया और इस तरह की मांग पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कलाकारों को इस तरह अचानक गाने के लिए कहना ठीक नहीं है और इसे एक आदत के तौर पर नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने इस सोच को बदलने की जरूरत पर भी जोर दिया।
अपनी बात को समझाने के लिए उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि क्या कोई सचिन तेंदुलकर से कहेगा कि “जरा एक छक्का लगाकर दिखाइए”? इसी तरह किसी सैनिक से भी यह नहीं कहा जा सकता कि वह तुरंत अपनी क्षमता दिखाए। उन्होंने कहा कि कलाकार को “जोकर” की तरह पेश नहीं किया जाना चाहिए और संगीत को केवल मनोरंजन का साधन समझना गलत है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि कैलाश खेर ने सही बात उठाई है और कलाकारों के सम्मान को समझना जरूरी है। वहीं कुछ लोग मानते हैं कि दर्शकों की छोटी सी फरमाइश को इतना गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं थी और दो लाइन गा देने से कलाकार की गरिमा कम नहीं होती। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है और इस बहस को जन्म दे रहा है कि कलाकार और दर्शकों के बीच की सीमाएं क्या होनी चाहिए।




