अपराध | ABC NATIONAL NEWS | फरीदाबाद | 3 अगस्त 2026
हरियाणा के फरीदाबाद में सोमवार को एक निजी स्कूल के भीतर 30 वर्षीय शिक्षिका की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, चेहरे को सफेद कपड़े से ढककर स्कूल पहुंचे एक व्यक्ति ने शिक्षिका को कक्षा से बाहर बुलाया और उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गर्दन और सीने पर किए 18 से 20 वार
पुलिस के मुताबिक, हमलावर सुबह करीब 9:30 से 9:40 बजे के बीच सिकरौना स्थित स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर आया। कुछ देर इंतजार करने के बाद उसने शिक्षिका के बारे में पूछा। जैसे ही वह बाहर आईं, आरोपी ने उन्हें घसीटा और चाकू निकालकर हमला शुरू कर दिया।
बताया गया है कि शिक्षिका की गर्दन और सीने पर करीब 18 से 20 वार किए गए। उनकी चीख सुनकर सहकर्मी बचाने पहुंचे तो हमलावर ने उन्हें भी पीछे हटने पर मजबूर किया और शिक्षिका पर दोबारा हमला किया।
दो बच्चों की मां थीं शिक्षिका
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को सहकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक शिक्षिका दो बच्चों की मां थीं।
CCTV में कैद हमलावर, तलाश तेज
हत्या की वारदात स्कूल में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर नकाबपोश हमलावर की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावर की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।




