एजुकेशन | अमित भास्कर | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 30 अप्रैल 2026
विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले भारतीय छात्रों के बीच इन दिनों कनाडा तेजी से पसंदीदा देश बनता जा रहा है। अच्छी यूनिवर्सिटीज, सुरक्षित माहौल और पढ़ाई के बाद नौकरी के बेहतर मौके—ये सब मिलकर कनाडा को खास बनाते हैं। यही वजह है कि लाखों भारतीय छात्र हर साल यहां का रुख कर रहे हैं। खास तौर पर MBA यानी मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई के लिए कनाडा अब अमेरिका और ब्रिटेन को टक्कर देता नजर आ रहा है।।अगर बात करें कनाडा में MBA के लिए सबसे प्रतिष्ठित संस्थान की, तो University of Toronto का Rotman School of Management सबसे ऊपर माना जाता है। ग्लोबल रैंकिंग में भी इस संस्थान का नाम काफी ऊंचा है और यहां से MBA करना एक बड़े करियर की मजबूत शुरुआत माना जाता है। इस संस्थान का इतिहास भी काफी पुराना है, जिसने समय के साथ खुद को दुनिया के टॉप मैनेजमेंट स्कूल्स में शामिल कर लिया है।
यहां पढ़ाई करना जितना प्रतिष्ठित है, उतना ही महंगा भी है। भारतीय छात्रों के लिए यहां MBA की फीस सुनकर थोड़ा झटका लग सकता है। पहले साल की फीस करीब 68,880 कनाडाई डॉलर है, जो भारतीय रुपये में लगभग 48 लाख के आसपास बैठती है। वहीं दूसरे साल की फीस करीब 70,260 कनाडाई डॉलर यानी लगभग 49 लाख रुपये होती है। यानी पूरे दो साल का कोर्स करने में सिर्फ ट्यूशन फीस ही करीब 97 लाख रुपये तक पहुंच जाती है। इसमें रहने, खाने और अन्य खर्च अभी शामिल नहीं हैं, जो इस कुल खर्च को और बढ़ा देते हैं।
इसके बावजूद छात्र यहां पढ़ने के लिए तैयार रहते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि यह खर्च भविष्य के निवेश जैसा है। Rotman जैसे संस्थान से MBA करने के बाद बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी के मौके मिलते हैं और अच्छी सैलरी के साथ करियर तेजी से आगे बढ़ता है। यही कारण है कि भारी फीस के बावजूद हर साल हजारों भारतीय छात्र यहां एडमिशन लेने की कोशिश करते हैं।
कनाडा में MBA करना आसान फैसला नहीं है—खर्च ज्यादा है, लेकिन अवसर भी उतने ही बड़े हैं। जो छात्र सही योजना और तैयारी के साथ यहां पहुंचते हैं, उनके लिए यह सफर करियर को नई ऊंचाई देने वाला साबित हो सकता है।




