Home » National » वोट चोरी की बहस से सरकार बैकफुट पर, राहुल के पोल खोल से सत्ता पक्ष में घबराहट

वोट चोरी की बहस से सरकार बैकफुट पर, राहुल के पोल खोल से सत्ता पक्ष में घबराहट

एबीसी डेस्क 11 दिसंबर 2025

बुधवार का दिन भारतीय संसद के इतिहास में उन पलों में दर्ज हो गया, जब विपक्ष की पूरी ताक़त को एक अकेले नेता ने अकेले दम पर जीवंत कर दिया। आमतौर पर सत्ता पक्ष की हल्लेबाज़ी, नारेबाज़ी और सदन की संख्यात्मक मजबूती विपक्ष की आवाज को दबा देती है, लेकिन इस बार माहौल बिल्कुल उलटा था। राहुल गांधी ने जिस तरह तार्किक, तथ्य-आधारित और डेटा-संचालित प्रस्तुति के साथ सरकार को घेरा, वह किसी सामान्य बहस का हिस्सा नहीं लग रहा था—वह एक राजनीतिक शक्ति-प्रदर्शन था, जिसने ट्रेज़री बेंच में स्पष्ट रूप से असहजता और बेचैनी पैदा कर दी। संसद में उनकी आवाज़ का कंपन इतना प्रभावी था कि पूरा सत्ता पक्ष एक पांव पर खड़ा नजर आया, मानो कोई अदृश्य दबाव उन्हें जवाब देने को मजबूर कर रहा हो, और फिर भी जवाब कहीं नहीं था।

सबसे ज़्यादा तीखा मोड़ तब आया, जब राहुल गांधी ने देश के गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए चुनाव आयोग और वोट चोरी पर खुली बहस (ओपन डिबेट) का प्रस्ताव रखा। यह चुनौती न सिर्फ़ असामान्य थी, बल्कि सरकार की ओर सीधा राजनीतिक और नैतिक प्रश्न बनकर उभरी। लेकिन शाह का प्रतिक्रिया स्वरूप बार-बार कागज़ पलटना, सिर खुजाना, विषय बदलना और अंततः संसद की भाषा को मर्यादा से नीचे ले जाना इस बात का संकेत था कि सत्ता पक्ष के पास इस चुनौती का कोई ठोस जवाब नहीं था। राहुल के सवालों पर जिस तरह मौन छाया रहा, उसने सदन में बैठे लोगों से लेकर देशभर के दर्शकों को यह महसूस करा दिया कि मुद्दा गंभीर है, और उससे बचना अब मुश्किल होता जा रहा है।

ALSO READ  रेलवे जमीन के बदले नौकरी घोटाला: मुश्किल में लालू परिवार

राहुल गांधी ने बहस में तीन बेहद तकनीकी और गंभीर मुद्दे उठाए—मशीन readable वोटर लिस्ट, EVM की आर्किटेक्चर और चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया। ये वह प्रश्न थे जिनका सीधा संबंध लोकतंत्र की विश्वसनीयता और चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता से है। लेकिन हैरानी की बात यह थी कि सरकार ने इनपर एक भी विश्लेषणात्मक या तथ्यों पर आधारित जवाब नहीं दिया। ट्रेज़री बेंचों से केवल नारे, टोकाटोकी और ध्यान भटकाने वाली रणनीतियाँ ही निकलती रहीं—मानो सत्ता पक्ष मुद्दे पर बहस किए बिना ही उसे शोर के बीच दबा देना चाहता हो। चुनाव आयोग का मौन भी उतना ही चौंकाने वाला था, क्योंकि वह इस पूरे विवाद में एक वाक्य का स्पष्टीकरण तक नहीं दे पाया, जिससे विपक्ष के आरोप और अधिक वजनदार दिखाई देने लगे।

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे उल्लेखनीय पक्ष यह था कि राहुल गांधी पहले से कहीं अधिक परिपक्व, दृढ़, संयत और स्टेट्समैन जैसे दिखाई दिए। जिस तरह उन्होंने संसद में शोर के बावजूद अपनी बातों को स्पष्ट और तर्कपूर्ण रखा, उसने उनकी राजनीतिक छवि को एक नए स्तर पर पहुँचा दिया। वहीं सत्ता पक्ष की रणनीति पुरानी ही थी—वंदेमातरम, हिंदू–मुस्लिम और भावनात्मक ध्रुवीकरण वाले मुद्दों को बीच में लाकर बहस का स्वर बदलने की कोशिश। लेकिन इस बार जनता, विपक्ष और यहां तक कि कई तटस्थ पर्यवेक्षक यह देख पा रहे थे कि असली मुद्दे को कैसे छिपाया जा रहा है।

राहुल गांधी ने पहली बार वोट चोरी के मुद्दे को सिर्फ संसद में ही नहीं उठाया, बल्कि उसे सीधे देश की जनता तक पहुँचाने का फैसला किया। यही कारण है कि अब यह बहस केवल ट्विटर या संसद तक सीमित नहीं है—यह गली, मोहल्लों और गांवों में भी चर्चा का विषय बन चुकी है। सरकार के लिए यही सबसे बड़ा संकट है: जनता न सिर्फ सुन रही है, बल्कि समझ भी रही है कि प्रश्न कहाँ से उठ रहा है और जवाब क्यों नहीं आ रहा। 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में होने वाली सभा को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है, जहां राहुल गांधी ने जनता से कहा है कि वे स्वयं अपनी आवाज़ में “वोट चोरी की कहानी” सुनाएँ। यह कदम चुनावी राजनीति में एक नई तरह की जन-सक्रियता और जवाबदेही की मांग को जन्म दे सकता है।

ALSO READ  स्वदेशी ‘वायु अस्त्र-1’ ने दिखाया दम: पोखरण और उत्तराखंड में सफल परीक्षण, भारतीय सेना को मिली नई स्ट्राइक क्षमता

राजनीतिक इतिहास यह कहता है कि जब एक सच जनता के बीच गूंजने लगता है, तो झूठ का साम्राज्य चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो—हिलने लगता है। संसद की यह बहस भी शायद उसी मोड़ की शुरुआत हो। और जैसा कि अंत में एक पंक्ति का राजनीतिक वजन सबसे ज्यादा महसूस हुआ—“सिंहासन खाली करो कि जनता आती है।”

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted