राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर भारत और विदेश में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व आनंद और उत्साह से भरा हुआ है और हमें आत्म-विकास तथा आत्मबोध की प्रेरणा देता है।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने धर्म के मार्ग पर चलते हुए परम सत्य की प्राप्ति का संदेश देकर मानवता को मार्गदर्शन प्रदान किया। यह त्योहार हमें योगेश्वर श्रीकृष्ण द्वारा प्रतिपादित शाश्वत मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने इस अवसर पर सभी से आह्वान किया कि हम भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का अनुसरण करने का संकल्प लें और अपने समाज तथा राष्ट्र को और अधिक सशक्त बनाएं।




