[the_ad id="179"]
Home » International » ओमान के पास जहाज़ पर हमले की भारत ने की निंदा, एक भारतीय अब भी लापता

ओमान के पास जहाज़ पर हमले की भारत ने की निंदा, एक भारतीय अब भी लापता

अंतरराष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली/मस्कट | 12 जुलाई 2026

पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारत ने ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाज़ जीएफएस गैलेक्सी (GFS Galaxy) पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे जहाज़ों पर हमले बेहद चिंताजनक हैं और भारत तत्काल तनाव कम करने तथा कूटनीतिक समाधान की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाने की अपील करता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बयान जारी कर बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और चल रहे सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन पर नज़र बनाए हुए है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने तथा नागरिक जहाज़ों और बुनियादी ढांचे पर हमले तत्काल रोकने की भी मांग की है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, साइप्रस के झंडे वाले इस मालवाहक जहाज़ पर 11 भारतीय नागरिक सवार थे। इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।

उधर, अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया कि जहाज़ पर हमला ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने किया। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू करने की घोषणा की। सेंटकॉम के अनुसार, जहाज़ में लगी आग और इंजन रूम को हुए भारी नुकसान के कारण चालक दल का एक सदस्य लापता हो गया।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है और हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य एक बार फिर वैश्विक चिंता का केंद्र बन गया है। इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से में तेल और गैस की आपूर्ति होती है। ऐसे में लगातार हो रहे हमले न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा बल्कि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए भी गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं।

भारत ने दोहराया है कि क्षेत्र में शांति, स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी पक्षों को संयम बरतते हुए बातचीत के जरिए समाधान तलाशना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *