Home » Crime » खान सर की कोचिंग पर हमला: गार्ड से मारपीट, पथराव; प्रतिद्वंद्वी कोचिंग के संचालक समेत 3 गिरफ्तार

खान सर की कोचिंग पर हमला: गार्ड से मारपीट, पथराव; प्रतिद्वंद्वी कोचिंग के संचालक समेत 3 गिरफ्तार

शिक्षा / अपराध / राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | पटना | 4 जून 2026

पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्थान “ग्लोबल स्टडीज” पर मंगलवार रात हुए हमले के बाद शहर में हड़कंप मच गया। घटना में कोचिंग के एक सुरक्षा गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि परिसर में पथराव और तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने मामले में प्रतिद्वंद्वी ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग सुरक्षा गार्ड को बाहर ले जाकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में कोचिंग संस्थान के पोस्टर फाड़े जाने और हंगामा करने की तस्वीरें भी कैद हुई हैं।

पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद और उनके दो सहयोगी अभिषेक तथा गौरव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

हमले के बाद खान सर ने आरोप लगाया कि उनके संस्थान को निशाना बनाकर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। उन्होंने बताया कि घटना में एक सुरक्षा गार्ड का सिर फूट गया, जिसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद एहतियातन बुधवार को कोचिंग संस्थान बंद रखा गया।

हालांकि शुरुआती प्रतिक्रिया में खान सर ने गोलीबारी की आशंका जताई थी, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण माहौल में उन्हें स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। उनकी ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में भी गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं है। पटना पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग संस्थान के बाहर जमा हो गए और उन्होंने प्रदर्शन किया। छात्रों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। खान सर ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता घायल गार्ड का इलाज और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत खान सर की कोचिंग और पास स्थित ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच लगे एक पोस्टर को लेकर हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार पुलिस में चयनित छात्रों के सम्मान समारोह का पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर लगाया गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

दूसरी ओर गिरफ्तार ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें फंसाने की साजिश रची गई है। उन्होंने दावा किया कि उनके संस्थान को बदनाम करने और बंद कराने के उद्देश्य से यह पूरा मामला तैयार किया गया है।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद बिहार सरकार का शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है। विभाग ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति बनाने की घोषणा की है। अगले तीन महीनों में एक व्यापक “कोचिंग पॉलिसी” और “मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट” तैयार किया जाएगा, जिससे कोचिंग संस्थानों के संचालन और आपसी विवादों को नियंत्रित किया जा सके।

पटना की इस घटना ने एक बार फिर निजी कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और उससे पैदा हो रहे तनाव को राष्ट्रीय बहस का विषय बना दिया है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted