[the_ad id="179"]
Home » Lifestyle » स्वाद, संस्कृति और डिजिटल इंडिया का संगम:15वें नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का भव्य समापन

स्वाद, संस्कृति और डिजिटल इंडिया का संगम:15वें नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का भव्य समापन

अवधेश कुमार । नई दिल्ली 14 दिसंबर 2025

दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित देश के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित 15वें नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का रविवार को भव्य और खुशनुमा समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस फेस्टिवल में राजधानीवासियों ने देश के कोने-कोने से आए स्ट्रीट फूड वेंडर्स के पारंपरिक और अनोखे स्वादों का भरपूर आनंद लिया।

फेस्टिवल की रौनक को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया श्रीलंका की पॉप स्टार योहानी और देश के सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने, जिन पर दर्शक देर रात तक झूमते नजर आए। संगीत, स्वाद और उत्साह का यह संगम दिल्ली के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।

यह तीन दिवसीय फेस्टिवल 12 दिसंबर से 14 दिसंबर तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक आयोजित किया गया। शुक्रवार की शाम फेस्टिवल का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया। वहीं दूसरे दिन केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने भी फेस्टिवल में शिरकत कर स्ट्रीट फूड वेंडर्स का उत्साह बढ़ाया और उनकी मेहनत की सराहना की।

इस वर्ष फेस्टिवल में देश के विभिन्न राज्यों से आए 500 से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने 500 से ज्यादा प्रकार के व्यंजन परोसे। यह आयोजन हर वर्ष नासवी (नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया) द्वारा दिल्ली में किया जाता है, लेकिन इस बार फेस्टिवल कई मायनों में खास और ऐतिहासिक रहा।

पहली बार फेस्टिवल में केवल UPI पेमेंट को ही एकमात्र भुगतान विकल्प के रूप में अपनाया गया, जिससे स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल लेन-देन का प्रत्यक्ष अनुभव मिला और उनमें कैशलेस भुगतान के प्रति भरोसा मजबूत हुआ।

इसके साथ ही इस वर्ष नागालैंड, तिब्बत और नेपाल के पारंपरिक व्यंजनों ने पहली बार फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, जिसने स्वाद की विविधता को और समृद्ध किया। बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स ज़ोन, तथा किसान एग्रो प्रोडक्ट्स के विशेष स्टॉल भी पहली बार लगाए गए, जिन्हें दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।

समग्र रूप से 15वां नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल स्वाद, संस्कृति, संगीत और डिजिटल सशक्तिकरण का एक सशक्त मंच बनकर उभरा और स्ट्रीट फूड वेंडर्स के सम्मान व आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *