Home » National » 12 दिसंबर से देश का सबसे बड़ा स्ट्रीट फूड फेस्टिवल: जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में स्वाद और मनोरंजन का महा–धमाका

12 दिसंबर से देश का सबसे बड़ा स्ट्रीट फूड फेस्टिवल: जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में स्वाद और मनोरंजन का महा–धमाका

Facebook
WhatsApp
X
Telegram

अवधेश कुमार । नई दिल्ली, 9 दिसंबर 2025

दिल्ली एक बार फिर देश के सबसे बड़े और सबसे विविधतापूर्ण स्ट्रीट फूड उत्सव की मेजबानी करने जा रही है। 12 दिसंबर, शुक्रवार से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में 15वाँ नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल भव्य अंदाज़ में शुरू होगा, जो तीन दिनों तक—12 से 14 दिसंबर—तक स्वाद, मनोरंजन और सांस्कृतिक विविधता का अद्भुत संगम पेश करेगा। फेस्टिवल की एंट्री स्टेडियम के गेट नंबर 14 से होगी, जहां सुबह से लेकर देर शाम तक दिल्लीवासी और देश–दुनिया से आए पर्यटक भारतीय स्ट्रीट फूड की अनूठी दुनिया का अनुभव कर सकेंगे।

यह आयोजन भारत के पटरी दुकानदारों और स्ट्रीट फूड वेंडर्स के हित में कार्यरत सबसे बड़ी संस्था नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नासवी) द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है। इस बार यह आयोजन और भी खास है क्योंकि नासवी देशभर के लाखों स्ट्रीट वेंडर्स के संघर्ष और उपलब्धियों के 25 वर्षों की सिल्वर जुबली मना रहा है। इसी उपलक्ष्य में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स अपने–अपने पारंपरिक व्यंजनों के साथ दिल्ली पहुंचेंगे। करीब 500 से अधिक विविध व्यंजनों के साथ ये महोत्सव स्वाद का ऐसा महासंगम रचने वाला है, जिसे दिल्ली वर्षों तक याद रखेगी।

स्वाद, मनोरंजन और कला का शानदार उत्सव

नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल केवल भोजन का आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत और जीवंत स्ट्रीट फूड परंपरा का उत्सव है। दिल्ली के लोग और विदेशी पर्यटक हर बार की तरह इस अनोखे मेल में शामिल होकर देश के विविध स्वादों का आनंद उठाएंगे। पूरी व्यवस्था में अलग–अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजन, लोक संस्कृति की झलक, कला, संगीत और मनोरंजन को एक ही मंच पर लाया जाएगा। देश के प्रमुख सेलिब्रिटी शेफ फेस्टिवल में मौजूद रहकर स्ट्रीट फूड वेंडर्स का उत्साह बढ़ाएंगे और साझा करेंगे कि कैसे स्थानीय व्यंजनों को वैश्विक स्तर तक पहुँचाया जा सकता है।

मनोरंजन के मोर्चे पर इस बार फेस्टिवल बेहद खास होने वाला है। देश के मशहूर गायक कैलाश खेर, लोकप्रिय कलाकार एमसी स्क्वेयर, और पंजाबी गायक खुल्लर जी मंच को अपनी लाइव प्रस्तुतियों से सजा देंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय कलाकारों में श्रीलंका की विश्वप्रसिद्ध गायिका योहानी अपने पॉप संगीत के साथ महोत्सव में समाँ बांधने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित की गई हैं।

व्यंजनों की जंग: कौन बनेगा स्वाद का किंग?

इस वर्ष फेस्टिवल का एक बड़ा आकर्षण विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के बीच होने वाली प्रतियोगिता है। भारतीय स्ट्रीट फूड की विविधता को ध्यान में रखते हुए इस बार कई विशेष श्रेणियों में मुकाबले रखे गए हैं, जिनमें सबसे अधिक उत्सुकता “बिरयानी बैटल” और “चाट धमाल” को लेकर है।

बिरयानी बैटल में हैदराबाद, कोलकाता, कश्मीर, मालाबार और लखनऊ की प्रसिद्ध बिरयानियाँ आमने–सामने होंगी। हर क्षेत्र की बिरयानी का स्वाद, मसाला और शैली अलग होती है; ऐसे में यह मुकाबला असली ‘स्वाद के नवाब’ का फैसला करेगा।

चाट धमाल के अंतर्गत पानीपुरी बनाम गोलगप्पा का दिलचस्प मुक़ाबला होगा, जिसमें पाँच अलग–अलग राज्यों की अनोखी पानीपुरी अपनी–अपनी शैली और स्वाद के साथ भाग लेंगी। वहीं चाय जंक्शन में भारत के विभिन्न हिस्सों की दस अलग–अलग चायें उपलब्ध होंगी, जहाँ लोग एक ही स्थान पर देशभर की ‘कहवा से कुल्हड़ चाय तक’ का स्वाद ले सकेंगे।

बच्चों के लिए मनोरंजन का विशेष आयोजन – “दिल तो बच्चा है”

फेस्टिवल में इस वर्ष बच्चों के लिए मनोरंजन की अलग ही दुनिया तैयार की गई है। 12, 13 और 14 दिसंबर को “दिल तो बच्चा है” कार्यक्रम के तहत बॉल एंड बास्केट, रोप गेम, म्यूजिकल चेयर, पेंटिंग प्रतियोगिता और क्विज़ जैसे ढेरों रोमांचक खेल एवं गतिविधियाँ कराई जाएँगी। बच्चों की प्रेरणा के लिए फिल्म इंडस्ट्री के उभरते युवा कलाकार आरुष वर्मा बच्चों के साथ संवाद करेंगे।

बच्चों के पसंदीदा स्टॉल—कैंडी, स्वीटकॉर्न, चुस्की, चाइनीज भेल—भी विशेष रूप से लगाए जाएँगे, साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता पर आधारित गतिविधियाँ भी होंगी।

फेस्टिवल में मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्वाद का भी मज़ा

नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल केवल भारतीय व्यंजनों का ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्वादों का भी केंद्र बनेगा। इस बार तिब्बत, नेपाल, अफगानिस्तान और फिलीपींस के लोकप्रिय व्यंजन भी मेन्यू का हिस्सा होंगे, जिससे आगंतुकों को एशियाई व्यंजनों की विविधता का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा।

नासवी के प्रमुखों ने बताया—फेस्टिवल क्यों है वेंडर्स और समाज के लिए महत्वपूर्ण

संगीता सिंह, हेड – स्ट्रीट फूड फेस्टिवल, इंडिया : “यह महोत्सव भारत की जीवंत खाद्य संस्कृति का उत्सव है। हम स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के जरिए भारत के असली स्वाद को दिल्ली लाते हैं। यह विविधता, संगीत, खुशी और गर्मजोशी का संगम है। आगंतुकों को भारत के स्वाद का अनोखा अनुभव मिलता है और वेंडर्स को उद्यमिता का पाठ भी।”

अरबिंद सिंह, नेशनल कोऑर्डिनेटर, नासवी : “15वाँ नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल 2025 देश की स्ट्रीट फूड संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह फेस्टिवल न केवल दिल्ली–एनसीआर के लोगों को विविधता दिखाता है बल्कि देश भर से आए वेंडर्स को अपने व्यापार को आगे बढ़ाने का अवसर भी देता है।”

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments