[the_ad id="179"]
Home » National » WATCH VIDEO — पेपर लीक ने मेरी बेटी को हमसे छीन लिया: रिया के पिता की आपबीती सुन भावुक हुए राहुल गांधी

WATCH VIDEO — पेपर लीक ने मेरी बेटी को हमसे छीन लिया: रिया के पिता की आपबीती सुन भावुक हुए राहुल गांधी

राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | देहरादून | 17 जुलाई 2026

देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल भावुक हो गया, जब कथित तौर पर NEET पेपर लीक से जुड़े घटनाक्रम के बाद आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया कुमारी के पिता राजेश मल्ल ने मंच से अपनी बेटी की कहानी सुनाई।

राजेश मल्ल ने बताया कि जब रिया NEET की परीक्षा देकर घर लौटी थी, तो वह बेहद खुश थी। उसने कहा था कि उसका पेपर बहुत अच्छा हुआ है और उसे अच्छे परिणाम की उम्मीद है। लेकिन कुछ दिनों बाद पेपर लीक की खबर सामने आई, जिसने उसे अंदर तक तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि रिया अक्सर कहती थी, “हम इतनी मेहनत करते हैं, फिर भी हमारे साथ धोखा होता है। पेपर लीक हो जाता है।” उनके अनुसार, रिया राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की व्यवस्था से बेहद नाराज थी।

राजेश मल्ल ने कहा कि उनकी बेटी सवाल करती थी कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए सख्त नियम होते हैं—कान में टॉप तक पहनने की अनुमति नहीं होती, हाथ में धागा तक नहीं पहन सकते, लेकिन इसके बावजूद प्रश्नपत्र लीक हो जाते हैं।

उन्होंने बताया कि पेपर लीक के बाद दोबारा परीक्षा की संभावना ने रिया को गहरे तनाव में डाल दिया था। वह बार-बार कहती थी कि इतने कम समय में फिर से NEET की तैयारी कैसे होगी। पिता ने कहा कि उन्होंने बेटी को बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार निराश होती चली गई।

राजेश मल्ल की बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद कई छात्र भावुक हो गए। राहुल गांधी ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं होगी, तो इसका सबसे बड़ा खामियाजा मेहनती छात्रों और उनके परिवारों को भुगतना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *