राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | देहरादून | 17 जुलाई 2026
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में शिक्षा क्षेत्र का भी ‘मेन्यू कार्ड’ बन गया है, जहां अलग-अलग परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की कथित कीमत तय है।
राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में मेहनत नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली व्यवस्था बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि NEET का पेपर 40 लाख रुपये, IIT-JEE का 15 लाख रुपये, पटवारी भर्ती परीक्षा का 15 लाख रुपये और शिक्षक भर्ती परीक्षा का 10 लाख रुपये में बिकने की चर्चा होती है।
उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों छात्र वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक और भ्रष्टाचार की वजह से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था का सबसे बड़ा नुकसान ईमानदार और मेहनती छात्रों को उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की जरूरत है, ताकि प्रतिभा के साथ न्याय हो और युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके। उन्होंने पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की भी मांग की।




