[the_ad id="179"]
Home » Entertainment » टीवी अभिनेता रोहित चंदेल पॉक्सो केस में गिरफ्तार, नाबालिग सह-अभिनेत्री ने लगाया पीछा करने और मारपीट का आरोप

टीवी अभिनेता रोहित चंदेल पॉक्सो केस में गिरफ्तार, नाबालिग सह-अभिनेत्री ने लगाया पीछा करने और मारपीट का आरोप

मनोरंजन | ABC NATIONAL NEWS | मुंबई | 12 जुलाई 2026

टीवी अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय नाबालिग सह-अभिनेत्री की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत ने आरोपी अभिनेता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

घाटकोपर पुलिस के अनुसार, शिकायत में नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया है कि रोहित चंदेल लगातार उसका पीछा कर रहे थे, बार-बार फोन और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क करने की कोशिश करते थे, जबकि उसने उन्हें ब्लॉक कर दिया था और संपर्क न करने के लिए स्पष्ट रूप से मना किया था।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में अभिनेता ने यह स्वीकार किया कि वह नाबालिग सह-अभिनेत्री से मिलने जाया करते थे। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के अनुसार, आरोपी दहिसर से घाटकोपर तक उससे मिलने आता था और लगातार संपर्क बनाए रखने का प्रयास करता था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अभिनेता उस पर दबाव भी बना रहे थे।

एफआईआर के मुताबिक, 5 जुलाई को अभिनेता ने कथित तौर पर पीड़िता के आवास के बाहर उसका रास्ता रोका, उसका पीछा किया, विवाद किया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसके साथ मारपीट भी की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के साथ-साथ पीछा करने और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

रोहित चंदेल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2014 में टीवी धारावाहिक ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव और ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना जैसे किरदार निभाकर पहचान बनाई। हाल ही में वह ‘सैराब’ नामक हिंदी म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा में एक पॉप स्टार की भूमिका में दिखाई दिए थे।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया और अदालत में प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *