राज्य/मौसम | शीतांशु रमन | ABC NATIONAL NEWS | लखनऊ | 15 मई 2026
उत्तर प्रदेश में आए भीषण धूलभरे तूफान, तेज आंधी और भारी बारिश ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। राज्य के अलग-अलग जिलों में अब तक 111 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 72 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। अचानक बदले मौसम ने कई जिलों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और सड़कें मलबे से भर गईं। प्रशासनिक टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी जिला प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि राहत वितरण और आर्थिक सहायता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला अधिकारियों को तुरंत सहायता पहुंचाने और घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
सबसे अधिक मौतें प्रयागराज में दर्ज की गई हैं, जहां 21 लोगों की जान गई। इसके बाद भदोही में 18 और मिर्जापुर में 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। फतेहपुर में 10 लोगों की मौत हुई, जबकि उन्नाव और बदायूं में 6-6 लोगों ने जान गंवाई। कई अन्य जिलों में भी बिजली गिरने, दीवार ढहने और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं में लोगों की मौत हुई है। ग्रामीण इलाकों में तबाही का असर ज्यादा देखा गया, जहां कच्चे मकान और टिन शेड तेज हवाओं के सामने टिक नहीं पाए।
बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते धूलभरी आंधी ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। कई जगहों पर लोगों को सड़क किनारे और फ्लाईओवर के नीचे शरण लेनी पड़ी। बरेली जिले के बमियाना गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेज तूफान के दौरान एक व्यक्ति टिन शेड के साथ हवा में उछलता दिखाई दे रहा है। घायल व्यक्ति की पहचान नन्हे मियां के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फतेहपुर, प्रतापगढ़, कानपुर देहात और देवरिया समेत कई जिलों में बिजली गिरने और दीवार ढहने की घटनाओं ने लोगों की जान ली। भदोही और मिर्जापुर में तेज तूफान के कारण गंगा नदी पर बने पंटून पुल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया। प्रशासन को राहत सामग्री पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक कुछ इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि 15 मई के बाद मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और लू की स्थिति गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।




