ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 21 अक्टूबर 2026
बीजेपी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय संगठन में नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वडोदरा से सांसद हेमांग जोशी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा राष्ट्रीय सचिव, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी और सोशल मीडिया प्रभारी सहित कई अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं।
हेमांग जोशी ने सोशल मीडिया मंच X पर जारी बयान में कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार ये नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए नेताओं में उत्तर प्रदेश से निखिल मणि तिवारी, जम्मू-कश्मीर से शगुन परिहार, नगालैंड से अरविंद दमानी, तेलंगाना से मालोथ कोमली नाइक, बिहार से राज राजेंद्र सिंह, पश्चिम बंगाल से सौमेन करफा और छत्तीसगढ़ से भूपेंद्र नाग शामिल हैं।
तीन राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है।
सात नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया
राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी असम के बिस्वजीत खांउड, मध्य प्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को सौंपी गई है।
कोषाध्यक्ष और सह-कोषाध्यक्ष की नियुक्ति
उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया टीम में चार नेताओं को जिम्मेदारी
बिहार के हिमांशु यादव को राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। दिल्ली की शिवानी सिंह और विशु बसोया तथा हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी बनाया गया है।
सोशल मीडिया की जिम्मेदारी भी सौंपी
बीजेपी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दिल्ली की अपूर्वा सिंह को दी गई है। बिहार के मानवेंद्र चौहान को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
हेमांग जोशी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे संगठन को और मजबूत बनाने तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
नई नियुक्तियों के तहत विभिन्न राज्यों के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां दी गई हैं। बीजेपी युवा मोर्चा पार्टी का युवा संगठन है, जो युवाओं के बीच संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने का काम करता है।


