राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | अयोध्या | 6 जुलाई 2026
अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि में कथित गड़बड़ी के मामले के बीच सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। दोनों ने कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद अपने पद छोड़ने की पेशकश की थी।
बैठक अयोध्या स्थित मणिराम छावनी में होगी, जो ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास का मठ है। हालांकि नृत्य गोपाल दास इस समय अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत को देखते हुए उनके वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होने की संभावना है। वरिष्ठ ट्रस्टी के. परासरन भी स्वास्थ्य कारणों से ऑनलाइन जुड़ सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यदि दोनों इस्तीफे स्वीकार किए जाते हैं तो ट्रस्ट के नए प्रशासनिक ढांचे पर भी चर्चा हो सकती है। साथ ही मंदिर के संचालन के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जा सकता है।
बैठक में दान राशि से जुड़े मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की अंतरिम रिपोर्ट पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का ब्योरा, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय दस्तावेज मंजूरी के लिए ट्रस्ट के सामने पेश किए जाएंगे।
इस बीच ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मंदिर में करीब 1,500 कर्मचारियों की नियुक्ति और वेतन व्यवस्था के लिए स्पष्ट सेवा नियम नहीं बनाए गए। जबकि पुजारियों की नियुक्ति के लिए अलग नियम और प्रक्रिया पहले से मौजूद है।
ट्रस्ट से जुड़े कुछ लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि मंदिर परिसर में नियुक्त कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया गया था या नहीं। साथ ही मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू के मंदिर प्रबंधन में बढ़ते प्रभाव पर भी सवाल उठ रहे हैं।
दान राशि में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट पर लगातार विपक्ष के निशाने हैं। ऐसे में सोमवार की बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि ट्रस्ट इस्तीफों, एसआईटी की जांच और भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर क्या फैसला करता है।




