Home » National » प्रियंका गांधी: मोदी कमजोर और कायर PM, 152 पेपर लीक पर एक भी दोषी को सजा नहीं

प्रियंका गांधी: मोदी कमजोर और कायर PM, 152 पेपर लीक पर एक भी दोषी को सजा नहीं

राष्ट्रीय | अवधेश झा | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 23 जुलाई 2026

NEET पेपर लीक विवाद और संसद में जारी गतिरोध के बीच कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद संसद नहीं चलने दे रही है और पिछले कई सत्रों से यही स्थिति बनी हुई है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 152 प्रश्नपत्र लीक हुए, लेकिन एक भी मामले में दोषसिद्धि नहीं हुई।

प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में पत्रकारों से कहा, “लोकतंत्र के इतिहास में क्या आपने कभी देखा है कि सत्ता पक्ष के सांसद खुद बाहर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हों? पिछले कई संसद सत्रों से यही हो रहा है। सरकार ही संसद नहीं चलने दे रही है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी कमजोर और कायर प्रधानमंत्री हैं।” उनका आरोप था कि प्रधानमंत्री देश की हर उपलब्धि का श्रेय लेते हैं, लेकिन जब व्यवस्था की विफलताओं की बात आती है तो जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करते।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री हर उपलब्धि के लिए खुद को जिम्मेदार मानते हैं, तो पिछले दस वर्षों में हुए 152 पेपर लीक और उनमें अब तक एक भी दोषी को सजा नहीं मिलने की जवाबदेही भी उन्हें लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यही वजह है कि छात्र आज सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

कांग्रेस लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों से माफी और पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है। वहीं सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित किए जाएंगे और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

ALSO READ  नॉन-बायोलॉजिकल ज्ञानगुरु की पाठशाला में कंगना का लेक्चर: मनरेगा, गांधी और ‘रघुपति राघव’ का नया एंथम-सिलेबस

इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव लगातार तेज होता जा रहा है। एक ओर विपक्ष संसद में चर्चा और जवाबदेही की मांग पर अड़ा है, तो दूसरी ओर सरकार पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया तेज करने की बात कह रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *