टेक/ टेक्नोलॉजी | समा मेहरा | नई दिल्ली | 14 मई 2026
देश में स्मार्टफोन का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ मोबाइल बैटरी से जुड़े हादसे भी चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। हाल ही में लखनऊ में चार्जिंग के दौरान स्मार्टफोन फटने से तीन साल की बच्ची की मौत ने लोगों को झकझोर दिया। इस घटना के बाद विशेषज्ञों ने मोबाइल सुरक्षा को लेकर कई अहम सावधानियां बताई हैं। टेक एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्मार्टफोन ब्लास्ट अचानक नहीं होता, बल्कि उससे पहले कई चेतावनी संकेत मिलने लगते हैं, जिन्हें लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक अधिकांश स्मार्टफोन्स में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। अगर बैटरी डैमेज हो जाए, जरूरत से ज्यादा गर्म हो या गलत चार्जर से चार्ज की जाए, तो यह खतरनाक साबित हो सकती है। कई बार लोग फोन का गर्म होना सामान्य समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है।
फोन ब्लास्ट होने से पहले मिलने वाले 6 बड़े संकेत
1. जरूरत से ज्यादा गर्म होना
अगर फोन सामान्य इस्तेमाल में भी लगातार गर्म रहता है, खासकर चार्जिंग के दौरान, तो यह बैटरी खराब होने का संकेत हो सकता है। लगातार ओवरहीटिंग बैटरी पर दबाव बढ़ाती है।
2. बैटरी तेजी से खत्म होना
बैटरी अचानक बहुत जल्दी डिस्चार्ज होने लगे तो समझिए कि बैटरी कमजोर हो रही है। कमजोर बैटरी अधिक गर्मी पैदा करती है और खतरा बढ़ाती है।
3. जलने जैसी बदबू आना
चार्जिंग के दौरान फोन से जलने या केमिकल जैसी गंध आए तो तुरंत फोन का इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए। यह बैटरी के अंदर खराबी का संकेत हो सकता है।
4. स्क्रीन या बैक पैनल फूलना
अगर फोन का बैक पैनल बाहर निकलने लगे या स्क्रीन हल्की उठी हुई दिखाई दे, तो यह बैटरी फूलने का स्पष्ट संकेत है। ऐसी स्थिति बेहद खतरनाक मानी जाती है।
5. बार-बार हैंग या रीस्टार्ट होना
फोन का अचानक बंद होना, रीस्टार्ट होना या बार-बार हैंग करना सिर्फ सॉफ्टवेयर समस्या नहीं, बल्कि बैटरी ओवरहीटिंग का भी संकेत हो सकता है।
6. चार्जिंग पोर्ट का ज्यादा गर्म होना
अगर चार्जर या चार्जिंग पोर्ट जरूरत से ज्यादा गर्म हो रहा है, तो तुरंत चार्जिंग बंद कर दें। खराब केबल या लोकल चार्जर इसकी वजह हो सकते हैं।
स्मार्टफोन ब्लास्ट से बचने के लिए जरूरी सावधानियां
– हमेशा कंपनी का ओरिजिनल या सर्टिफाइड चार्जर इस्तेमाल करें
– चार्जिंग के दौरान गेम खेलना या भारी ऐप्स चलाने से बचें
– फोन को तकिए के नीचे, कार में या सीधी धूप में न रखें
– बैटरी फूलने या फोन डैमेज होने पर तुरंत सर्विस सेंटर जाएं
– रातभर लगातार चार्जिंग पर फोन छोड़ने से बचें
– लोकल और सस्ते चार्जर-कैबल इस्तेमाल न करें।
टेक विशेषज्ञों का कहना है कि स्मार्टफोन का हल्का गर्म होना सामान्य बात है, लेकिन लगातार हीटिंग, बैटरी फूलना या जलने की गंध जैसे संकेतों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है।




