Home » Politics » तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ, VCK-IUML के समर्थन से मिला बहुमत; बॉडीगार्ड की इंस्टाग्राम स्टोरी भी हुई वायरल

तमिलनाडु में विजय सरकार का रास्ता साफ, VCK-IUML के समर्थन से मिला बहुमत; बॉडीगार्ड की इंस्टाग्राम स्टोरी भी हुई वायरल

राजनीति/ तमिलनाडु | अवधेश झा | ABC NATIONAL NEWS | चेन्नई | 9 मई 2026

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए TVK प्रमुख और अभिनेता Vijay अब मुख्यमंत्री बनने की दहलीज पर पहुंच गए हैं। शनिवार को पूरे दिन चले राजनीतिक घटनाक्रम और सस्पेंस के बाद विजय की पार्टी TVK को आखिरकार जरूरी बहुमत मिल गया। VCK और IUML के दो-दो विधायकों ने समर्थन का ऐलान कर दिया, जिसके बाद विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी था। कांग्रेस, CPI और CPI(M) पहले ही विजय को समर्थन दे चुके थे। लेकिन VCK के रुख को लेकर लगातार असमंजस बना हुआ था। इसी वजह से शपथ ग्रहण समारोह में देरी की चर्चा तेज हो गई थी और राजनीतिक गलियारों में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस बढ़ता जा रहा था। इसी बीच विजय के बॉडीगार्ड सुरेश की एक इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। सुरेश ने तमिल भाषा में लिखा — “कड़ी लड़ाइयों के बाद ही खूबसूरत नतीजे मिलते हैं… आत्मविश्वास बनाए रखें, अच्छी चीजें होंगी।” इस पोस्ट को विजय समर्थकों ने बड़ा संकेत माना। खास बात यह रही कि कुछ ही घंटों बाद VCK ने भी विजय सरकार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया, जिसके बाद फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई।

चेन्नई में विजय के घर के बाहर शनिवार देर शाम TVK समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। समर्थक “थलपति CM” के नारे लगाते दिखाई दिए। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह तमिलनाडु की राजनीति में “नई शुरुआत” है और जनता ने पारंपरिक राजनीति से अलग विकल्प को चुना है।

सूत्रों के अनुसार विजय ने चार अतिरिक्त विधायकों का समर्थन मिलने के बाद एक बार फिर राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar से मुलाकात की। इसके बाद राजभवन में गतिविधियां तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि राज्यपाल ने अपना केरल दौरा भी रद्द कर दिया है ताकि सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

अब तमिलनाडु में विजय के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में भव्य शपथ समारोह आयोजित किया जा सकता है। पिछले कई दिनों से वहां तैयारियां चल रही हैं और बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विजय ने अपने पहले ही चुनाव में तमिलनाडु की राजनीति का पूरा समीकरण बदल दिया है। DMK और AIADMK जैसी पारंपरिक पार्टियों के बीच TVK का उभरना राज्य की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ कब लेते हैं और उनकी पहली कैबिनेट में किन चेहरों को जगह मिलती है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments