अंतरराष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | इस्तांबुल | 6 मई 2026
Turkey ने अपनी सैन्य क्षमता को एक नए स्तर पर ले जाते हुए पहली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) ‘यिल्दिरिमहान’ का अनावरण किया है। इस मिसाइल को इस्तांबुल में आयोजित SAHA 2026 के दौरान सार्वजनिक रूप से पेश किया गया। तुर्की के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक यह मिसाइल देश की सबसे उन्नत लंबी दूरी की प्रणालियों में शामिल है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 6000 किलोमीटर तक बताई जा रही है।
मिसाइल की खासियत इसकी अत्यधिक गति और भारी पेलोड क्षमता है। अधिकारियों के अनुसार ‘यिल्दिरिमहान’ मैक 25 तक की गति हासिल कर सकती है और इसमें लगभग 3000 किलोग्राम तक विस्फोटक ले जाने की क्षमता है। यह लिक्विड रॉकेट फ्यूल और मल्टी-स्टेज प्रोपल्शन सिस्टम से लैस है, जिससे इसकी मारक क्षमता और सटीकता दोनों बढ़ जाती हैं।
इस मिसाइल के अनावरण के साथ ही क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों पर भी असर पड़ने की चर्चा शुरू हो गई है। खास तौर पर Greece के लिए इसे एक नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि तुर्की और ग्रीस के बीच दशकों पुराना सीमा विवाद और एजियन सागर में तनाव पहले से मौजूद है। दोनों देश NATO के सदस्य हैं, लेकिन इसके बावजूद कई बार सैन्य टकराव जैसी स्थिति बन चुकी है।
तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलेर ने कहा कि यह नई मिसाइल देश की सुरक्षा और सैन्य ताकत को और मजबूत करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि तुर्की का रक्षा उद्योग तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है और अत्याधुनिक तकनीक के विकास पर लगातार निवेश किया जा रहा है।
इस घटनाक्रम को वैश्विक स्तर पर भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का विकास क्षेत्रीय शक्ति संतुलन को प्रभावित करता है। तुर्की की इस नई क्षमता से न केवल उसके पड़ोसी देशों की चिंता बढ़ी है, बल्कि यूरोप और पश्चिम एशिया में सुरक्षा समीकरणों पर भी नजरें टिक गई हैं।




