Home » National » वायनाड हादसा: प्रियंका गांधी ने राहत अभियान तेज करने की अपील, कहा- फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास जारी

वायनाड हादसा: प्रियंका गांधी ने राहत अभियान तेज करने की अपील, कहा- फंसे लोगों को निकालने के लिए हर संभव प्रयास जारी

राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | वायनाड | 7 जुलाई 2026

केरल के वायनाड में टनल परियोजना स्थल पर हुए मलबा धंसने के हादसे के बाद कांग्रेस महासचिव और वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राहत और बचाव अभियान में जुटी सभी एजेंसियों की सराहना करते हुए लोगों से भी सहयोग की अपील की।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार राहत अभियान चला रही हैं।

उन्होंने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए राहत कार्यों में हरसंभव सहयोग देने की अपील की।

इस बीच वायनाड के कल्लाडी क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल परियोजना के पास हुए मलबा धंसने के हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयाँ आ रही हैं। प्रशासन ने क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted