[the_ad id="179"]
Home » Crime » आश्रम से लापता दो किशोर मिले, एक प्रयागराज में साधु के वेश में बरामद

आश्रम से लापता दो किशोर मिले, एक प्रयागराज में साधु के वेश में बरामद

उत्तर प्रदेश / अपराध | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 5 अक्टूबर 2026

वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के राधा केली कुंज आश्रम से लापता हुए दो किशोर सुरक्षित मिल गए हैं। इनमें कासगंज निवासी मयंक चौहान प्रयागराज के दारागंज इलाके में साधु के वेश में मिला, जबकि हाथरस निवासी 17 वर्षीय अनुज चौधरी को बरसाना के एक आश्रम से बरामद किया गया। दोनों के लापता होने के बाद उनके परिजनों ने आश्रम के बाहर धरना दिया था।

साधु के कपड़े, माथे पर मिट्टी और राधा नाम की माला

मयंक के पिता चंद्रपाल सिंह के मुताबिक पुलिस ने सोमवार तड़के करीब 1:30 बजे फोन कर बेटे के प्रयागराज में मिलने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मयंक सफेद रंग के साधु वाले कपड़ों में था। उसके माथे पर मिट्टी लगी थी और गले में ‘राधा’ नाम की माला थी। परिवार ने वीडियो कॉल के जरिए मयंक की पहचान की और अब उसके परिजन उसे लेने प्रयागराज रवाना हो गए हैं।

जुलाई से लापता था अनुज

दूसरे किशोर अनुज चौधरी को हाथरस पुलिस ने मथुरा पुलिस की मदद से बरसाना स्थित लाड़ली दास आश्रम से बरामद किया। अनुज 3 जुलाई से लापता था। उसके पिता के मुताबिक अनुज ने 26 जून को प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी और उसी दिन घर लौट आया था। इसके बाद 3 जुलाई को वह दोबारा आश्रम गया था। उसके पास तीन किताबें और माला थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा।

परिजनों ने आश्रम के बाहर किया था प्रदर्शन

दोनों किशोरों के परिवारों ने अपने बच्चों के लापता होने के बाद वृंदावन में राधा केली कुंज आश्रम के बाहर धरना दिया था। परिवारों का आरोप था कि उन्हें बच्चों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी जा रही थी। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि अनुज के मामले में परिवार ने 5 जुलाई को सदाबाद थाने में FIR दर्ज कराई थी। आश्रम प्रबंधन से पूछताछ में पुलिस को बताया गया कि अनुज ने वहां दीक्षा जरूर ली थी, लेकिन वह आश्रम में रह नहीं रहा था।

दोनों किशोरों के मिलने के बाद अब पुलिस उनके लापता होने की परिस्थितियों और उनके आश्रमों तक पहुंचने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *