[the_ad id="179"]
Home » Sports » दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज : ऋषभ पंत की वापसी, मोहम्मद शमी फिर नजर अंदाज

दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज : ऋषभ पंत की वापसी, मोहम्मद शमी फिर नजर अंदाज

मुंबई 6 नवंबर 2025

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। इस बार की टीम में सबसे बड़ी खुशी का कारण हैं ऋषभ पंत। इंग्लैंड दौरे के दौरान आखिरी टेस्ट में दाहिने पैर में फ्रैक्चर के बाद वे लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से दूर थे, लेकिन अब उनकी शानदार वापसी हुई है। न सिर्फ वापसी, बल्कि उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। यह उनके प्रदर्शन और टीम के लिए उनकी अहमियत का बड़ा संकेत है। फिलहाल पंत दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए टीम की अगुआई कर रहे हैं और अपनी फिटनेस और फॉर्म दोनों साबित कर चुके हैं।

टीम की कमान इस बार शुभमन गिल के हाथों में होगी। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और साई सुदर्शन के साथ मिलकर वे शीर्ष क्रम को मजबूती देंगे। माना जा रहा है कि पंत नंबर पाँच पर बल्लेबाजी करेंगे, जहाँ उनका आक्रामक अंदाज़ टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल को भी मौका मिला है, जिससे टीम में युवा ऊर्जा का अच्छा मिश्रण दिखाई दे रहा है। ध्रुव जुरेल दूसरे विकेटकीपर के रूप में उपलब्ध रहेंगे और पंत के साथ यह एक मजबूत बैकअप विकल्प माना जा रहा है।

टीम की गेंदबाज़ी यूनिट की बात करें तो तेज़ गेंदबाज़ी का दारोमदार मुख्यतः जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के हाथों में होगा। आकाश दीप को भी टीम में शामिल किया गया है, जो कंधे की चोट के चलते वेस्टइंडीज सीरीज में खेल नहीं पाए थे। स्पिन विभाग बेहद मजबूत है, जहाँ रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ऑलराउंड क्षमता लेकर आते हैं, जबकि कुलदीप यादव एक स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में उपस्थित रहेंगे।

सबसे अधिक चर्चा में है अनुभवी मोहम्मद शमी का एक बार फिर बाहर होना। शमी ने मार्च 2025 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। सीमित ओवरों की ऑस्ट्रेलिया सीरीज से बाहर होने के बाद उनकी और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर की सार्वजनिक बयानबाज़ी भी काफी सुर्खियों में रही थी। जहाँ अगरकर ने कहा था कि चयनकर्ताओं के पास शमी की फिटनेस की जानकारी नहीं है, वहीं शमी ने साफ कहा था कि वे पूरी तरह फिट हैं और सभी फॉर्मेट के लिए उपलब्ध हैं। रणजी ट्रॉफी में भी उन्होंने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए 15 विकेट निकाले, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें इस बार भी नजरअंदाज कर दिया। इससे यह सवाल और ज़ोर से उठ रहा है कि क्या शमी और टीम प्रबंधन के बीच सबकुछ ठीक नहीं है?

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज 14 नवंबर से कोलकाता में शुरू होगी। भारत के लिए यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अंक जुटाने के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण है। टीम में युवा जोश और अनुभवी संतुलन का मेल दिखाई दे रहा है, जिससे फैंस को रोमांचक मुकाबलों की पूरी उम्मीद है।

दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम:

 शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर) (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराग, अक्षर पटेल, नीतीश रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप।

भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह टीम उत्साह और उम्मीदों से भरी हुई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर होंगी कि टीम इंडिया को नया नेतृत्व और पंत की वापसी क्या नई ऊर्जा और सफलता दिला पाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *