[the_ad id="179"]
Home » International » बांग्लादेश में भारत के नक्शे पर आपत्ति, भारतीय राजनयिक ने रोका कार्यक्रम

बांग्लादेश में भारत के नक्शे पर आपत्ति, भारतीय राजनयिक ने रोका कार्यक्रम

अंतरराष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 11 जुलाई 2026

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित एक विदेश नीति सेमिनार के दौरान भारत के नक्शे को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने पर भारतीय उच्चायोग ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। भारतीय उच्चायोग की सेकेंड सेक्रेटरी पूजा झा ने प्रस्तुति के बीच हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और स्क्रीन पर दिखाया गया नक्शा तथ्यात्मक रूप से गलत है। यह घटना उस समय हुई जब बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज (BIISS) में सार्क को पुनर्जीवित करने पर आयोजित सेमिनार में पूर्व बांग्लादेशी उच्चायुक्त अहमद तारिक करीम प्रस्तुति दे रहे थे।

‘जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा’— भारतीय अधिकारी का स्पष्ट संदेश

प्रस्तुति के दौरान जैसे ही भारतीय अधिकारी पूजा झा ने देखा कि नक्शे में जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया है, उन्होंने तुरंत आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “यह भारत का गलत नक्शा है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और यहां प्रस्तुत किया गया मानचित्र सही नहीं है।” इस पर पूर्व राजनयिक अहमद तारिक करीम ने सफाई देते हुए कहा कि यह नक्शा केवल ‘प्रतिनिधिक उद्देश्य’ से इस्तेमाल किया गया है और इसका उद्देश्य वास्तविक सीमाओं को दर्शाना नहीं है। हालांकि पूजा झा ने दोबारा दोहराया कि जम्मू-कश्मीर की गलत प्रस्तुति स्वीकार्य नहीं है। इसके बाद करीम ने उनकी आपत्ति स्वीकार करते हुए कहा, “Point noted”, और अपनी प्रस्तुति आगे बढ़ाई।

सार्क को फिर सक्रिय करने पर बांग्लादेश का जोर

इसी कार्यक्रम में बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद ने दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सार्क को फिर से प्रभावी बनाने के लिए संगठन की कार्यान्वयन क्षमता, वित्तीय मजबूती और सदस्य देशों के बीच विश्वास बहाली जरूरी है। उन्होंने संकेत दिया कि बांग्लादेश सदस्य देशों से परामर्श के बाद सार्क के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक और विदेश मंत्रिपरिषद के विशेष सत्र बुलाने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। इसके लिए ढाका में मौजूद सार्क देशों के राजदूतों और काठमांडू स्थित सार्क सचिवालय के साथ भी व्यापक स्तर पर बातचीत की योजना बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *