अंतरराष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | बीजिंग | 10 जुलाई 2026
चीन के दक्षिण-पूर्वी प्रांत फुजियान के जिनजियांग शहर में गुरुवार को एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय फैक्ट्री के भीतर 239 कर्मचारी मौजूद थे। राहत और बचाव दल ने 213 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कई कर्मचारी आग और धुएं के बीच फंस गए। इनमें से दो लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पहले लापता बताए गए 26 लोगों के शव बाद में बरामद हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई कर्मचारी जान बचाने के लिए फैक्ट्री की छत पर पहुंच गए। चारों ओर घना काला धुआं फैल गया और लोग मदद का इंतजार करते रहे। राज्य मीडिया द्वारा जारी वीडियो में बहुमंजिला इमारत से ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दिखाई दिया।
दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, हालांकि देर शाम तक मौके पर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पानी डालती रहीं। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आग फैक्ट्री की भूतल मंजिल से शुरू हुई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि फैक्ट्री में जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाला ज्वलनशील कच्चा माल, रबर, फोम, गोंद और अन्य रसायन बड़ी मात्रा में रखे हुए थे। इन्हीं पदार्थों के कारण आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई। इसके अलावा सीढ़ियों में सामान का ढेर लगा होने से बचाव अभियान में भी काफी दिक्कत आई।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए तत्काल व्यापक राहत और बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में औद्योगिक इकाइयों में लगातार गंभीर हादसे सामने आए हैं, इसलिए इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
स्थानीय प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन और कंपनी से जुड़े कई जिम्मेदार लोगों को हिरासत में ले लिया है। कंपनी के बैंक खाते भी फिलहाल फ्रीज कर दिए गए हैं ताकि जांच पूरी होने तक किसी तरह की वित्तीय गड़बड़ी न हो।
जिनजियांग को चीन की ‘शू कैपिटल’ कहा जाता है, क्योंकि यहां जूते और परिधान उद्योग बड़े पैमाने पर संचालित होता है। इस हादसे ने एक बार फिर चीन में औद्योगिक सुरक्षा मानकों और फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




