Home » Sports » लगातार 7 विश्व कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने लियोनल मेसी

लगातार 7 विश्व कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने लियोनल मेसी

खेल | ABC NATIONAL NEWS | डलास | 28 जून 2026

फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनल मेसी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना और जॉर्डन के बीच खेले गए मुकाबले में मेसी ने गोल दागकर विश्व कप इतिहास में लगातार सात मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बना दिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने विश्व फुटबॉल में अपनी महानता की एक और अमिट छाप छोड़ दी।

डलास में खेले गए ग्रुप चरण के इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप चरण अजेय रहते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश किया। हालांकि मेसी इस मैच में शुरुआती एकादश का हिस्सा नहीं थे। मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने टीम में नौ बदलाव किए और मेसी को दूसरे हाफ में बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान पर उतारा। लेकिन मैदान पर उतरते ही मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी बड़े मौकों पर ही अपनी पहचान बनाते हैं।

अर्जेंटीना ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। 19वें मिनट में जियोवानी लो सेल्सो ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद मार्कोस सेनेसी पर हुए फाउल के बाद मिले पेनल्टी अवसर को लाउतारो मार्टिनेज ने गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे हाफ में जॉर्डन की ओर से अल-तमारी ने एक गोल कर मुकाबले को 2-1 तक पहुंचाया, लेकिन अर्जेंटीना ने मैच पर अपनी पकड़ नहीं छोड़ी।

मैच के 80वें मिनट में मैदान पर आए मेसी ने फ्री-किक पर शानदार गोल दागकर अर्जेंटीना की 3-1 की जीत सुनिश्चित कर दी। यह विश्व कप 2026 में उनका छठा गोल है। इसके साथ ही विश्व कप में उनके कुल गोलों की संख्या 19 हो गई, जिससे उन्होंने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के महानतम गोल स्कोररों में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।

लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल करने का यह रिकॉर्ड मेसी के असाधारण प्रदर्शन और निरंतरता का प्रमाण है। विश्व फुटबॉल में इससे पहले कोई भी खिलाड़ी विश्व कप के सात लगातार मुकाबलों में गोल नहीं कर पाया था। यही कारण है कि यह उपलब्धि उनके करियर के सबसे महत्वपूर्ण रिकॉर्डों में गिनी जा रही है।

अर्जेंटीना अब पूरे आत्मविश्वास के साथ नॉकआउट चरण में उतरने जा रहा है। टीम की लय, संतुलन और मेसी का शानदार फॉर्म उसे एक बार फिर विश्व कप खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल कर रहा है। फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें अब इस बात पर हैं कि क्या मेसी अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना को एक और विश्व कप ट्रॉफी दिलाकर अपने ऐतिहासिक करियर को और भी यादगार बना पाएंगे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted