Home » International » ‘क्या तुम मुस्लिम हो?’ पूछकर भारतीय पर 15 बार चाकू से हमला, अमेरिका में सनसनी

‘क्या तुम मुस्लिम हो?’ पूछकर भारतीय पर 15 बार चाकू से हमला, अमेरिका में सनसनी

अपराध / अंतरराष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | यूटा (अमेरिका) | 15 जुलाई 2026

अमेरिका के यूटा राज्य में भारतीय मूल के एक मुस्लिम व्यक्ति पर कथित तौर पर धार्मिक पहचान पूछने के बाद जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पीड़ित से उसका नाम, देश और धर्म पूछा और फिर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में भारतीय नागरिक के शरीर पर करीब 15 चाकू के घाव आए हैं। गंभीर रूप से घायल पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह घटना यूटा के वेस्ट वैली सिटी स्थित वैली फेयर मॉल में हुई। पीड़ित की पहचान सोहेल के रूप में हुई है, जो मॉल में एक ज्वेलरी कियोस्क पर काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, 48 वर्षीय पीटर माइकल लार्सन को हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित घातक हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर सॉल्ट लेक काउंटी जेल भेजा गया है।

जांच के अनुसार, आरोपी पहले सोहेल के पास पहुंचा और पानी की बोतल मांगी। जब सोहेल पानी देने के लिए मुड़े, तभी उसने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के सहयोगियों के मुताबिक, हमले से पहले आरोपी ने सोहेल से पूछा कि वह कहां के रहने वाले हैं। सोहेल ने बताया कि वह भारत से हैं। इसके बाद आरोपी ने पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो?” जैसे ही सोहेल ने “हां” कहा, आरोपी ने उन पर लगातार चाकू से वार करने शुरू कर दिए।

हमले में सोहेल बुरी तरह घायल हो गए और उनके शरीर से काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, हमलावर को काबू करने की कोशिश की और घायल सोहेल को अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली मदद से उनकी जान बच गई।

सोहेल के नियोक्ता अदनान मोहम्मद ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सोहेल एक मेहनती कर्मचारी हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए रोज की तरह काम कर रहे थे। उन्होंने कहा, “वह दो बच्चों के पिता हैं। उनके बच्चे घर पर उनका इंतजार कर रहे थे। अगर मैं वहां होता तो उनकी रक्षा के लिए अपनी जान भी दे देता।”

अदनान ने उन लोगों का भी आभार जताया जिन्होंने समय रहते मदद कर सोहेल की जान बचाई। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे समुदाय को झकझोर दिया है। उन्होंने लोगों से नफरत नहीं बल्कि इंसानियत का संदेश अपनाने की अपील करते हुए कहा, “सबसे बड़ा धर्म इंसानियत है। दुनिया में नफरत के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।”

सोहेल की मित्र लूना नुनेज ने बताया कि अस्पताल में सोहेल ने उन्हें पूरी घटना सुनाई। उनके अनुसार, आरोपी ने पहले नाम, फिर देश और उसके बाद धर्म के बारे में पूछा। मुस्लिम होने की पुष्टि मिलते ही उसने हमला कर दिया। सोहेल के इलाज और आर्थिक मदद के लिए उनके दोस्तों ने ऑनलाइन फंड जुटाने का अभियान भी शुरू किया है।

फिलहाल अमेरिकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने अभी तक हमले के पीछे धार्मिक घृणा (हेट क्राइम) या किसी अन्य मकसद की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted