राष्ट्रीय | अरिंदम बनर्जी | ABC NATIONAL NEWS | कोलकाता | 14 मई 2026
पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी गुरुवार को अचानक वकील की पोशाक पहनकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचीं, जिसके बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल तेज हो गई। ममता बनर्जी काले गाउन में हाई कोर्ट परिसर में नजर आईं और बताया जा रहा है कि वह चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले में स्वयं अदालत के सामने अपना पक्ष रखने पहुंची थीं। उनके साथ टीएमसी सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कल्याण बनर्जी समेत कई पार्टी नेता और वकील भी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद हुई कथित हिंसा और राजनीतिक हमलों से जुड़ा है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से दायर याचिका में चुनाव प्रक्रिया और उसके बाद राज्य में उत्पन्न हालात को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अदालत में ममता बनर्जी की मौजूदगी को राजनीतिक और कानूनी दोनों दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सक्रिय राजनीति में रहते हुए किसी बड़े नेता का खुद वकील के रूप में अदालत में पेश होना असामान्य माना जाता है।
कलकत्ता हाई कोर्ट के बाहर ममता बनर्जी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। काले कोट और वकीलों के गाउन में उनकी मौजूदगी ने समर्थकों और विरोधियों दोनों का ध्यान खींचा। अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि ममता बनर्जी इस मामले को सिर्फ कानूनी लड़ाई नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश के रूप में भी पेश करना चाहती हैं।
पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा का मुद्दा लगातार राजनीतिक विवाद का केंद्र बना हुआ है। बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस दोनों एक-दूसरे पर हिंसा और राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप लगाते रहे हैं। इससे पहले भी चुनाव बाद हिंसा को लेकर कई रिपोर्ट और याचिकाएं अदालतों में पहुंच चुकी हैं। अब इस मामले में ममता बनर्जी की सीधी दखल ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है।




