राजनीति | महेंद्र सिंह | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 13 मई 2026
NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का बड़ा हमला, IAS सुबोध कुमार सिंह की नियुक्ति को लेकर उठाए सवाल
NEET UG पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व NTA महानिदेशक और वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह की नई नियुक्ति को लेकर बीजेपी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया है कि छात्रों का भविष्य बर्बाद करने वालों को सजा देने के बजाय सरकार उन्हें “इनाम” दे रही है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “बीजेपी की परंपरा बन चुकी है — जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम।” उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए लिखा, “एक काम कीजिए — खुद Google कीजिए: ‘NEET 2024 की भयंकर चोरी के दौरान NTA का DG कौन था, और मोदी सरकार ने उसे आज कहां बैठाया है?’ देखा? समझ आया?”
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को संरक्षण देती है और बाद में उन्हें बड़े पदों से पुरस्कृत भी करती है। उन्होंने कहा कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों की कीमत पर सत्ता से जुड़े लोगों को बचाया जा रहा है।
कांग्रेस ने कहा कि जब 2024 में NEET परीक्षा का पेपर लीक हुआ था और देशभर में भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे, उस समय सुबोध कुमार सिंह राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी यानी NTA के महानिदेशक थे। पेपर लीक विवाद के बाद छात्रों, अभिभावकों और विपक्ष ने NTA की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए थे।
पार्टी का आरोप है कि बढ़ते जनदबाव और जनता के गुस्से को शांत करने के लिए मोदी सरकार ने “दिखावटी कार्रवाई” करते हुए सुबोध कुमार सिंह को पद से हटाया। लेकिन कुछ समय बाद उन्हें फिर अहम जिम्मेदारियां दे दी गईं।
कांग्रेस ने दावा किया कि पहले उन्हें स्टील मंत्रालय में पोस्टिंग दी गई और अब उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार में मुख्यमंत्री का Principal Secretary बनाया गया है। पार्टी ने इसे “पुरस्कार की राजनीति” बताते हुए कहा कि बीजेपी शासन में जवाबदेही नहीं बल्कि संरक्षण की संस्कृति चल रही है।
राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा, “BJP इसी तरह आप जैसे लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को इनाम देती है — उनकी रक्षा करती है, ऊपर से उन्हें तरक्की देती है।”
उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “साफ है — मोदी जी और बीजेपी आपके भविष्य की चोरी में खुद साझेदार हैं।”
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में पेपर लीक अब केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि “संगठित माफिया तंत्र” बन चुका है, जिसे राजनीतिक संरक्षण हासिल है। पार्टी के मुताबिक बार-बार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है।
कांग्रेस ने कहा कि लाखों छात्र सालों तक कठिन मेहनत करते हैं, परिवार अपनी जमा पूंजी खर्च करता है, लेकिन पेपर लीक माफिया और भ्रष्ट सिस्टम उनकी मेहनत और सपनों को नीलाम कर देता है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “जिस बाज़ार में आपकी मेहनत, आपके सपने नीलाम हो रहे हैं, उसका एक ही उसूल है — जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम।”
दरअसल, NEET 2024 पेपर लीक विवाद ने पूरे देश में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक तूफान खड़ा कर दिया था। NTA की कार्यशैली, परीक्षा सुरक्षा और केंद्र सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठे थे। कई राज्यों में छात्रों ने प्रदर्शन किए, अदालतों में याचिकाएं दायर हुईं और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।
अब NEET UG 2026 को लेकर भी विवाद और जांच का माहौल बना हुआ है। ऐसे में कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से उठा रही है और केंद्र सरकार को युवाओं के भविष्य के मुद्दे पर घेर रही है।
हालांकि बीजेपी और केंद्र सरकार की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश की परीक्षा प्रणाली और सरकारी एजेंसियों की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




