राष्ट्रीय / तमिलनाडु | महेंद्र सिंह | ABC NATIONAL NEWS | 9 मई 2026
तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। अभिनेता से राजनेता बने Vijay को राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar ने सरकार बनाने का न्योता दे दिया है। TVK प्रमुख विजय अब तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। शनिवार को दिनभर चले राजनीतिक घटनाक्रम, समर्थन पत्रों और राजभवन की बैठकों के बाद आखिरकार TVK ने सहयोगी दलों के समर्थन से 121 विधायकों का आंकड़ा हासिल कर लिया। इसके साथ ही राज्य में 1967 के बाद पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब DMK और AIADMK के बाहर का कोई नेता मुख्यमंत्री पद तक पहुंचेगा। तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी था। अपने पहले ही चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया था और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। हालांकि बहुमत से वह कुछ सीटें पीछे रह गई थी। बाद में विजय को एक सीट छोड़नी थी, जिसके बाद पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह गई। इसके बाद सहयोगी दलों के समर्थन ने पूरा राजनीतिक समीकरण बदल दिया।
कांग्रेस के 5 विधायक, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायक, VCK के 2 विधायक और IUML के 2 विधायकों ने विजय को समर्थन देने का फैसला किया। इन सभी दलों के समर्थन से TVK गठबंधन की संख्या 121 तक पहुंच गई और सरकार गठन का रास्ता साफ हो गया।
शनिवार शाम विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपे। सूत्रों के अनुसार इसके बाद राजभवन ने सरकार गठन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह रविवार या सोमवार को आयोजित हो सकता है। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में समारोह की तैयारियां पहले से ही तेज कर दी गई हैं।
दिनभर चले राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान VCK और IUML के रुख पर सबकी नजर टिकी हुई थी। पहले VCK की ओर से कुछ शर्तों और राजनीतिक बातचीत की खबरें सामने आई थीं, जिससे शपथ ग्रहण टलने की अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन देर शाम दोनों दलों ने समर्थन पत्र सौंपकर स्थिति स्पष्ट कर दी।
इस बीच विजय के बॉडीगार्ड सुरेश की एक इंस्टाग्राम स्टोरी भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सुरेश ने तमिल भाषा में लिखा था — “कड़ी लड़ाइयों के बाद ही खूबसूरत नतीजे मिलते हैं… आत्मविश्वास बनाए रखें, अच्छी चीजें होंगी।” समर्थकों ने इसे राजनीतिक संकेत माना और कुछ ही घंटों बाद समर्थन की खबर सामने आ गई।
तमिलनाडु में विजय के मुख्यमंत्री बनने को केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि राज्य की पारंपरिक राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पिछले लगभग छह दशकों से राज्य की राजनीति DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द घूमती रही है। ऐसे में TVK का उभरना और विजय का मुख्यमंत्री पद तक पहुंचना दक्षिण भारतीय राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि विजय ने फिल्मी लोकप्रियता को राजनीतिक समर्थन में बदलने में बड़ी सफलता हासिल की है। युवाओं, शहरी वोटरों और पहली बार मतदान करने वाले वर्ग में TVK को भारी समर्थन मिला। अब सबकी नजर विजय की पहली कैबिनेट, सहयोगी दलों को मिलने वाली भूमिका और नई सरकार की प्राथमिकताओं पर टिकी है।




