दुनिया | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली/बीजिंग | 6 मई 2026
चीन ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए पहली बार चौथी पीढ़ी के मुख्य युद्धक टैंक ‘टाइप-100 (ZTZ-100)’ की झलक दुनिया को दिखाई है। People’s Liberation Army द्वारा किए गए फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान इस टैंक की लाइव फुटेज सामने आई है, जिसे चीनी सरकारी एजेंसी Xinhua News Agency ने जारी किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह टैंक उत्तरी चीन के एक फायरिंग रेंज में तेज गति से युद्धाभ्यास करता नजर आया। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यह टैंक अब प्रोटोटाइप चरण से आगे बढ़कर ऑपरेशनल स्तर पर पहुंच चुका है। इसे भविष्य में सीमावर्ती इलाकों, खासकर लद्दाख सेक्टर में संभावित तैनाती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे भारत की रणनीतिक चिंता बढ़ सकती है।
टाइप-100 टैंक को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस बताया जा रहा है। इसमें हाइब्रिड डीजल-इलेक्ट्रिक इंजन (करीब 1500 HP), सेंसर फ्यूजन सिस्टम और लंबी दूरी तक मार करने की क्षमता शामिल है। इलेक्ट्रिक मोड में यह टैंक बेहद कम शोर और कम हीट सिग्नेचर के साथ चलता है, जिससे दुश्मन के लिए इसे ट्रैक करना कठिन हो जाता है। इसकी अधिकतम गति करीब 80 किमी/घंटा बताई गई है।
इस टैंक की सबसे खास बात इसका डिजाइन है। पारंपरिक टैंकों के विपरीत, इसका क्रू (कमांडर, गनर और ड्राइवर) बुर्ज में नहीं बल्कि निचले हिस्से में बने बख्तरबंद कैप्सूल में बैठता है, जिससे उनकी सुरक्षा बढ़ जाती है। साथ ही, AR हेलमेट और 360-डिग्री विज़न सिस्टम के जरिए चालक दल बाहर का पूरा दृश्य देख सकता है।
हथियारों की बात करें तो टाइप-100 में 105mm की आधुनिक मेन गन दी गई है, जो उन्नत गोला-बारूद के साथ 120mm/125mm जैसी मारक क्षमता देती है। इसके अलावा यह एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल दागने में भी सक्षम है। टैंक पर 12.7mm की रिमोट कंट्रोल मशीन गन और GL-6 एक्टिव प्रोटेक्शन सिस्टम भी लगाया गया है, जो इसे दुश्मन के हमलों से बचाने में मदद करता है।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि टाइप-100 चीन की सैन्य रणनीति में बड़े बदलाव का संकेत है, जहां भारी टैंकों की जगह हल्के, तेज और तकनीकी रूप से अधिक उन्नत प्लेटफॉर्म पर जोर दिया जा रहा है। यह बदलाव भविष्य के युद्धों में तकनीक आधारित बढ़त हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




