राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 6 मई 2026
देशभर में मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। India Meteorological Department ने 6 मई (बुधवार) के लिए कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम के तेवर बदले हुए नजर आएंगे। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिलेगा।
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी गरज-चमक और आंधी के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम बदला रहेगा। यहां छिटपुट से मध्यम बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। विदर्भ क्षेत्र में भी आंधी का असर रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
वहीं, गुजरात और महाराष्ट्र में बारिश की संभावना नहीं है। यहां तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी बढ़ेगी।मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।




