राष्ट्रीय | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 18 मार्च 2026
राजस्थान के छोटे ट्रक और बस बॉडी निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लागू किए जा रहे नए मानक और बढ़ी हुई फीस छोटे निर्माताओं के लिए भारी पड़ रही है, जिससे उनका व्यवसाय बंद होने की कगार पर पहुंच सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अगर मौजूदा नियमों में राहत नहीं दी गई, तो इससे लाखों परिवारों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ेगा। उनका कहना था कि बड़े उद्योग समूह इन नियमों का सामना कर सकते हैं, लेकिन छोटे और मध्यम स्तर के बॉडी बिल्डर्स के लिए यह बोझ असहनीय है।
इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी प्रतिनिधिमंडल को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिले और मुद्दे को उनके सामने रखा।
बैठक के दौरान नितिन गडकरी ने प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सरकार इन मुद्दों पर विचार करेगी तथा व्यावहारिक समाधान निकालने की दिशा में काम करेगी।
मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ जहां छोटे उद्योगों से जुड़े लोग राहत की उम्मीद कर रहे हैं, वहीं विपक्ष इसे छोटे कारोबारियों पर बढ़ते दबाव के रूप में देख रहा है। आने वाले दिनों में सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।




