आज के भारत में जब राजनीति दिखावे की पराकाष्ठा पर पहुंच चुकी है, तब यह सवाल लाजमी है — आखिर सच्चा जननेता कौन? वह जो जनता के साथ जीता-मरता है, या वह जो जनता को सिर्फ कैमरे की लेंस से देखता है?
नेहरू की सादगी — गंगा में आम आदमी के साथ
पंडित जवाहरलाल नेहरू, जिन्हें आज भी हर छोटी-बड़ी राजनीतिक बहस में खींच लिया जाता है, वे वही व्यक्ति थे जो गंगा में स्नान करते थे — वहीं, जहां आम लोग डुबकी लगाते थे। कोई अलग घाट नहीं, कोई फ़िल्टर पानी नहीं, कोई सुरक्षा घेरा नहीं। उनके लिए गंगा सिर्फ धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की आत्मा थी। वे इस आत्मा से संवाद करने उतरते थे, बिना किसी प्रदर्शन या दिखावे के।
नेहरू, जो सचमुच “सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए” कहे जाते हैं, उन्होंने अपने जीवन से साबित किया कि इंसान की कीमत उसकी परवरिश से नहीं, उसके कर्मों से तय होती है। उन्होंने सत्ता को सेवा का माध्यम माना, न कि मंच का तमाशा।
मोदी का दिखावटी ‘सेवा भाव’
अब बात आज की करें — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की। जो खुद को “चाय बेचने वाला” बताते हैं, पर अब यमुना के किनारे अपने फोटोशूट के लिए “फिल्टर्ड गंगा जल” मंगवाते हैं। उनके लिए नदी अब सिर्फ पृष्ठभूमि है, न कि श्रद्धा। उनके लिए घाट अब कैमरा फ्रेम का हिस्सा है, न कि देश की भावना का केंद्र।
यमुना के असली हालात किसी से छिपे नहीं — झाग, प्रदूषण, दुर्गंध — लेकिन कैमरे के सामने सब “स्वच्छ भारत” बन जाता है। अलग तालाब बनवाकर, फ़िल्टर किया हुआ पानी मंगवाकर, नेता “जनता के बीच” उतरते हैं — पर वह जनता कहां है? कैमरे के इस पार या उस पार?
जनता ही फैसला करे
अब निर्णय जनता के हाथ में है। जो देख रही है, जो भुगत रही है, जो हर रोज़ महंगाई, बेरोज़गारी और झूठे वादों की मार झेल रही है। जनता ही तय करे — सच्चा नेता वह है जो गंगा में भी आम जन के साथ उतरता है, या वह जो गंगा का फ़िल्टर बनवाकर “स्वच्छ” छवि गढ़ता है।
सोचिए, अगर सोचने की शक्ति बची हो तो…
आज जब नेहरू का नाम सिर्फ “राजनीतिक गाली” बनाकर पेश किया जा रहा है, तब ज़रूरत है उनके आदर्शों को याद करने की — सादगी, समानता और संवेदनशीलता की।
और उन लोगों से सवाल करने की, जो खुद को ‘गरीब का बेटा’ कहकर सत्ता के शिखर तक पहुंचे, लेकिन अब गरीबों के बीच उतरने से पहले कैमरे और मेकअप का इंतज़ार करते हैं। जनता देख रही है। और अगर अब भी सोचने-समझने की शक्ति बची है — तो शायद उसे असली और नकली “जननायक” में फर्क दिख ही जाएगा।




