अंतरराष्ट्रीय डेस्क 9 जनवरी 2026
ईरान इस समय गंभीर आंतरिक संकट से गुजर रहा है। बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी और आर्थिक बदहाली के खिलाफ देशभर में गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के 100 से अधिक शहरों में व्यापक प्रदर्शन हो रहे हैं, जो कई जगहों पर हिंसक हो गए हैं। हालात की गंभीरता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक कम से कम 45 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक पुलिसकर्मी की भी हत्या कर दी गई है।
प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच कई शहरों में सीधी झड़पें हुई हैं। राजधानी तेहरान, मशहद, इस्फहान, शिराज और तबरीज़ जैसे बड़े शहरों में हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार महंगाई, खाद्य पदार्थों की कीमतों और रोज़मर्रा की ज़रूरतों को लेकर पूरी तरह विफल साबित हुई है, जबकि आम जनता की कमर टूट चुकी है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ईरानी प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। सुरक्षा कारणों से तेहरान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन प्रभावित किया गया है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में इंटरनेट और फोन सेवाएं आंशिक या पूरी तरह बंद कर दी गई हैं, ताकि प्रदर्शनों की जानकारी फैलने और लोगों के संगठित होने पर रोक लगाई जा सके। हालांकि, इन पाबंदियों के बावजूद विरोध थमता नहीं दिख रहा है।
मानवाधिकार संगठनों और अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों का कहना है कि हालात बेहद चिंताजनक हैं। सोशल मीडिया और सीमित उपलब्ध सूचनाओं के अनुसार, कई शहरों में गोलीबारी, गिरफ्तारी और बल प्रयोग की खबरें सामने आ रही हैं। सरकार की ओर से अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या को लेकर स्पष्ट और विस्तृत बयान नहीं आया है, जिससे अनिश्चितता और डर का माहौल और बढ़ गया है।
विश्लेषकों का मानना है कि यह प्रदर्शन सिर्फ महंगाई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ईरान की गहरी आर्थिक और राजनीतिक असंतोष की अभिव्यक्ति हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों, मुद्रा के अवमूल्यन और सरकारी नीतियों से आम लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अगर हालात जल्द काबू में नहीं आए, तो यह संकट ईरान के लिए और भी बड़ा राजनीतिक और सामाजिक चुनौती बन सकता है।पूरे देश की निगाहें तेहरान पर टिकी हैं—जहां सरकार की अगली रणनीति और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई यह तय करेगी कि ईरान इस उथल-पुथल से बाहर निकल पाएगा या हालात और बिगड़ेंगे।




