[the_ad id="179"]
Home » Delhi / NCR » मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना बाज़ार में किया निरीक्षण, बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना बाज़ार में किया निरीक्षण, बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मंगलवार सुबह यमुना बाज़ार क्षेत्र पहुँचीं और वहाँ बाढ़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थिति का जायज़ा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सुबह कुछ समय के लिए यमुना नदी का जलस्तर 206 मीटर तक पहुँचने की संभावना जताई गई थी, लेकिन फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यमुना बाज़ार क्षेत्र नदी के फ्लड प्लेन का लो-लाइन इलाका होने के कारण यहाँ अस्थायी तौर पर पानी भर गया था, परंतु स्थिति और बिगड़ने की आशंका नहीं है। “दिल्ली में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। यह जलस्तर का अधिकतम चढ़ाव था और अब पानी उतरने की दिशा में है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव से संबंधित सभी इंतज़ाम मुस्तैदी से बनाए रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने में कठिनाई न हो। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *