Home » Sports » एशिया कप 2025: कपिल देव ने भारत को बताया फेवरेट, रोहित-विराट के बिना भी सूर्या ब्रिगेड पर जताई जीत की उम्मीद

एशिया कप 2025: कपिल देव ने भारत को बताया फेवरेट, रोहित-विराट के बिना भी सूर्या ब्रिगेड पर जताई जीत की उम्मीद

दुबई, 12 सितंबर 2025 

 भारत के पूर्व कप्तान और 1983 के विश्व कप विजेता कपिल देव ने एशिया कप 2025 में भारत की जीत की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम एकजुट होकर खेलेगी और ट्रॉफी के साथ घर लौटेगी। कपिल देव ने यह बयान दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले दिया, जिसमें दोनों देशों के बीच क्रिकेट के साथ-साथ प्रशंसकों का भी उत्साह चरम पर होगा।

कपिल देव ने कहा, “मैं भारत की टीम का समर्थन करता हूं। टीम के रूप में खेलना होगा और ट्रॉफी को अपने साथ भारत लाना होगा। यह मेरी इच्छा है और मुझे पूरा भरोसा है कि जो क्रिकेट टीम खेल रही है, उसके परिणाम विजयी होंगे।” उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि राजनीति और सोशल मीडिया विवादों से दूरी बनाकर केवल क्रिकेट पर ध्यान दें। कपिल देव ने जोर देकर कहा, “सरकार अपना काम करेगी, खिलाड़ी अपना काम करें।”

कपिल देव ने अपनी बात में युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों का नाम लेते हुए कहा कि वे इस मैच में टीम के लिए अहम योगदान दे सकते हैं। हालांकि, रोहित शर्मा और विराट कोहली इस मुकाबले में शामिल नहीं होंगे। कपिल देव ने टीम के सभी सदस्यों से एकजुट होकर खेलना और रणनीति पर ध्यान देने को कहा।

विशेषज्ञ मानते हैं कि कपिल देव का यह बयान भारतीय टीम के लिए प्रेरणास्पद साबित हो सकता है। पूर्व कप्तान के विश्वास और समर्थन से टीम में आत्मविश्वास बढ़ेगा और यह मुकाबला एशिया कप 2025 के रोमांचक पलों में शुमार होगा। भारत-पाकिस्तान के बीच यह मैच 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा और दोनों टीमों के प्रशंसक इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted