राष्ट्रीय | महेंद्र सिंह | ABC NATIONAL NEWS | नई दिल्ली | 23 जुलाई 2026
दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) में दुकानों, दफ्तरों और रेस्तरां को गुरुवार शाम 6:30 बजे तक बंद करने के फैसले पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती, बड़ी संख्या में एम्बुलेंस और बाजारों को समय से पहले बंद कराने जैसे कदम यह संकेत दे रहे हैं कि सरकार कुछ बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि यदि स्थिति सामान्य है तो इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बाजारों को जल्दी बंद कराने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने सरकार से इस फैसले के पीछे की वजह स्पष्ट करने की मांग की और कहा कि लोगों के मन में अनावश्यक आशंका पैदा हो रही है।
दरअसल, New Delhi Traders Association (NDTA) ने एक एडवाइजरी जारी कर कनॉट प्लेस के दुकानदारों, कार्यालयों और रेस्तरां संचालकों से गुरुवार शाम 6:30 बजे तक प्रतिष्ठान बंद करने को कहा है। एडवाइजरी में इलाके की मौजूदा स्थिति और सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया है। यह कदम जंतर-मंतर पर चल रहे Cockroach Janta Party (CJP) के आंदोलन के मद्देनज़र उठाया गया है।
उधर, प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठा रही हैं। इसके तहत संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
CJP का आंदोलन लगातार जारी है और बड़ी संख्या में छात्र व समर्थक जंतर-मंतर पहुंच रहे हैं। आंदोलन को देखते हुए राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक कड़ी कर दी गई है।




