Home » Sports » T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का धमाका: न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन

T20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत का धमाका: न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन

Facebook
WhatsApp
X
Telegram

एबीसी नेशनल न्यूज | नई दिल्ली

भारत ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिखते हुए न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया। रोमांच से भरे इस फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।

इस जीत के साथ भारत टी20 वर्ल्ड कप को लगातार दो बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों के बीच तिरंगे लहराए और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

भारत की विस्फोटक बल्लेबाजी

भारतीय पारी की शुरुआत से ही बल्लेबाजों ने आक्रामक तेवर दिखाए। विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों पर 89 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। सैमसन ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और रनगति को तेजी से आगे बढ़ाया।

उनके साथ अभिषेक शर्मा ने भी तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने मात्र 21 गेंदों पर 52 रन ठोक दिए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे। इस तेज पारी ने भारतीय टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी।

मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन ने 25 गेंदों पर 54 रन बनाकर पारी को और मजबूत किया। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में 26 रन बनाकर भारत को 255 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

न्यूजीलैंड के लिए जेम्स नीशम ने 3 विकेट लिए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक तेवर के सामने उनकी गेंदबाजी ज्यादा असरदार साबित नहीं हुई।

न्यूजीलैंड की लड़खड़ाती पारी

256 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर फिन एलन जल्दी आउट हो गए। हालांकि विकेटकीपर टिम सिफर्ट ने संघर्ष करते हुए 26 गेंदों में 52 रन बनाए और कुछ देर तक टीम को संभाले रखा।

इसके अलावा कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन और डैरिल मिचेल ने 17 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड की पारी नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही।

भारतीय गेंदबाजों का कमाल

भारतीय गेंदबाजी में सबसे शानदार प्रदर्शन जसप्रीत बुमराह का रहा। उन्होंने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इसके अलावा अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को भी एक-एक विकेट मिला।

बुमराह बोले—यह जीत बेहद खास

मैच के बाद जसप्रीत बुमराह ने कहा कि अपने घरेलू मैदान पर विश्व कप फाइनल जीतना उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल थी, इसलिए उन्हें अनुभव का इस्तेमाल करते हुए स्मार्ट गेंदबाजी करनी पड़ी।

बुमराह ने कहा कि पूरी टीम ने दबाव में भी संयम बनाए रखा और यही वजह रही कि भारत खिताब जीतने में सफल रहा।

संजू सैमसन बने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’

पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इस उपलब्धि पर उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

सैमसन ने कहा, “यह किसी सपने जैसा लग रहा है। मैं बहुत खुश और आभारी हूं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। सच कहूं तो इसकी शुरुआत एक-दो साल पहले ही हो गई थी। 2024 वर्ल्ड कप टीम में मैं था लेकिन मुझे खेलने का मौका नहीं मिला। उस समय मैं लगातार कल्पना करता रहा कि एक दिन मैं इस मंच पर अच्छा प्रदर्शन करूंगा।”

उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ एक सीरीज के बाद उनका आत्मविश्वास टूट गया था और उन्हें लगा कि उनके सपने बिखर गए हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

सैमसन ने कहा, “मैं सोच रहा था कि अब क्या करूं, लेकिन शायद भगवान की योजना कुछ और थी। मैंने सपना देखने की हिम्मत की और मुझे उसका इनाम मिला। कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुझसे संपर्क किया और मेरी मदद की। पिछले कुछ महीनों से मैं सचिन सर के संपर्क में था। उनसे लंबी बातचीत हुई और उनका मार्गदर्शन मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।”

उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बहुत बड़ी है और फिलहाल वह इस पल का आनंद लेना चाहते हैं।

ऐतिहासिक उपलब्धि

इस जीत के साथ भारत ने टी20 क्रिकेट में अपना दबदबा फिर साबित कर दिया। टीम ने न सिर्फ तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता बल्कि अपने खिताब का सफल बचाव भी किया।

भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने क्रिकेट प्रेमियों को जश्न का एक और बड़ा मौका दे दिया है। पूरे देश में इस जीत का उत्सव मनाया जा रहा है और टीम इंडिया की इस उपलब्धि को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments