सुमन कुमार । नई दिल्ली 12 दिसंबर 2025
राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को शुरू हुए 15वें नेशनल स्ट्रीट फूड फेस्टिवल ने पहले ही दिन भारतीय स्वाद और अंतरराष्ट्रीय संगीत का ऐसा सम्मोहक संगम पेश किया कि पूरा स्टेडियम उत्साह और उमंग से भर गया। देश के 27 राज्यों से आए 500 से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने अपने-अपने पारंपरिक और अनोखे व्यंजनों के साथ न केवल वातावरण को महका दिया, बल्कि दिल्लीवासियों और पर्यटकों को भी भारत की सांस्कृतिक विविधता का स्वाद चखाया। फेस्टिवल का आधिकारिक उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया, जिन्होंने न सिर्फ कार्यक्रम को औपचारिक रूप से प्रारंभ किया, बल्कि स्टॉल-दर-स्टॉल जाकर व्यंजनों का स्वाद भी लिया और वेंडर्स से संवाद कर उनकी मेहनत व कला की सराहना की।
उद्घाटन के बाद जब मंत्री शेखावत विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचे, तो माहौल एकदम जीवंत हो उठा। उन्होंने आंध्र प्रदेश के स्टॉल पर जाकर बांबू चिकन और बिरयानी का स्वाद लिया और फेस्टिवल में स्थापित एकमात्र UPI पेमेंट सिस्टम का उपयोग करते हुए डिजिटल भुगतान कर इसकी विश्वसनीयता स्वयं परखी। एक वेंडर की कार्यशैली देखकर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा—“आप तो ब्रांड एंबेसडर बनने लायक हैं।” उनकी यह सहजता, संवाद और उत्साह स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन साबित हुआ। उन्होंने NASVI के पदाधिकारियों से बातचीत कर फेस्टिवल की 15 वर्षीय यात्रा और स्ट्रीट वेंडर्स के संघर्षों व उपलब्धियों के बारे में भी विस्तार से जाना और इस आयोजन को भारत के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य विरासत को संरक्षित करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया। मंत्री ने यह भी कहा कि वे अपने परिवार और मंत्रालय के अधिकारियों के साथ भी इस भव्य आयोजन को देखने आएँगे।
शाम ढलते ही स्टेडियम का माहौल एकदम बदल गया, जब मंच पर आईं श्रीलंका की अंतरराष्ट्रीय सुपरहिट गायिका योहानी दिलोका डी सिल्वा, जिन्हें दुनिया Manike Mage Hithe गर्ल के नाम से जानती है। योहानी जैसे ही मंच पर पहुंचीं, दर्शकों की तालियों, शोर और उत्साह ने पूरा माहौल गुंजायमान कर दिया। उनके पॉप संगीत, ऊर्जा, आकर्षक परफॉर्मेंस और अनोखे अंदाज़ ने फेस्टिवल को एक अलग ही रंग दे दिया। बड़े-बुजुर्गों से लेकर युवा तक—हर कोई उनके संगीत पर झूमता दिखाई दिया। उनके हर गाने पर दर्शक थिरकते रहे और कुछ ही मिनटों में ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा स्टेडियम एक बड़े संगीत-महोत्सव में बदल गया हो। स्वाद और संगीत का यह संगम फेस्टिवल के पहले दिन की असल पहचान बन गया, जिसने दिल्लीवालों के लिए शाम को एक अविस्मरणीय उत्सव में बदल दिया।
फेस्टिवल की रौनक यहीं खत्म नहीं होती। शनिवार की शाम 7 बजे देश के प्रसिद्ध सूफी और फोक गायक कैलाश खेर अपनी दमदार आवाज़ और आध्यात्मिक संगीत के साथ मंच पर उतरेंगे। कैलाश खेर अपनी विशिष्ट गायकी और सूफियाना अंदाज़ के कारण हर वर्ग में लोकप्रिय हैं। उनकी प्रस्तुति से फेस्टिवल का उत्साह, विविधता और ऊर्जा और भी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे यह आयोजन न केवल स्वाद का, बल्कि भारतीय संगीत और कला का भी अनूठा उत्सव बन जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर स्ट्रीट फूड संस्कृति को सम्मान देने वाला यह फेस्टिवल नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) द्वारा आयोजित किया जाता है, जो इस वर्ष अपने 25 वर्ष की संघर्षपूर्ण और सफल यात्रा की सिल्वर जुबली मना रहा है। देशभर के पटरी दुकानदार, रेहड़ी-खोमचे वाले और स्ट्रीट वेंडर्स इस आयोजन को अपनी पहचान, मेहनत और परंपरा का उत्सव मानते हैं। फेस्टिवल 14 दिसंबर तक चलेगा और इसमें स्वाद, मनोरंजन, संगीत और कला का व्यापक संगम देखने को मिलेगा, जिसे न केवल दिल्ली बल्कि देश और दुनिया से आए पर्यटक भी खूब सराह रहे हैं।








