ओम प्रकाश | नई दिल्ली 13 नवंबर 2025
केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) ने देशभर के स्कूलों में 12,000 से अधिक शिक्षण और गैर–शिक्षण पदों पर बड़ी भर्ती का ऐलान कर दिया है। वर्षों से लंबित इन रिक्तियों को भरने के लिए केंद्र सरकार ने आधिकारिक रूप से नोटिफिकेशन जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की प्रक्रिया 14 नवंबर से ऑनलाइन शुरू होगी, जबकि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपने फॉर्म भर सकेंगे।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक KVS में लगभग 7,700 से अधिक पद खाली पड़े हैं, जबकि NVS में करीब 4,300 पदों पर तुरंत भर्ती की आवश्यकता है। इन दोनों संस्थाओं में पढ़ने वाले लाखों छात्रों को लंबे समय से शिक्षक और स्टाफ की कमी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे दूर करने के लिए यह भर्ती अभियान बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार यह अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त भर्ती प्रक्रियाओं में से एक है।
इन रिक्तियों में PRT (प्राथमिक शिक्षक), TGT (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक), PGT (पोस्ट ग्रेजुएट शिक्षक) के साथ–साथ लाइब्रेरियन, क्लर्क, लैब असिस्टेंट, ऑफिस स्टाफ और अन्य गैर–शिक्षण पद भी शामिल हैं। उम्मीदवारों से संबंधित योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया का विवरण आधिकारिक भर्ती नोटिफिकेशन में उपलब्ध है। भर्ती परीक्षा कंप्यूटर–बेस्ड टेस्ट (CBT), इंटरव्यू और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर आयोजित की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी KVS और NVS की आधिकारिक वेबसाइटों के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय की पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में नौकरी की स्थिरता, सुविधाएँ और पदों की व्यापक संख्या को देखते हुए यह भर्ती युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। साथ ही, इन रिक्तियों के भरने से देशभर के केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों में महत्वपूर्ण सुधार आएगा।




