[the_ad id="179"]
Home » National » एक्सिट पोल में ट्विस्ट: DB LIVE ने महागठबंधन को आगे बताया, बाकी सर्वे NDA के साथ

एक्सिट पोल में ट्विस्ट: DB LIVE ने महागठबंधन को आगे बताया, बाकी सर्वे NDA के साथ

नई दिल्ली 11 नवंबर 2025

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जारी एक्सिट पोल की जंग अब और रोचक होती जा रही है। जहां लगभग सभी बड़े सर्वेयर और मीडिया हाउस NDA को स्पष्ट बढ़त देते दिख रहे हैं, वहीं DB LIVE का सर्वे इस पूरे गणित को उलटता नजर आता है। DB LIVE के मुताबिक INDIA गठबंधन राज्य में बढ़त बनाता दिखाई दे रहा है—ऐसा निष्कर्ष जो बाकी एक्सिट पोल से बिल्कुल अलग खड़ा है और चुनावी माहौल में नई बहस छेड़ रहा है।

DB LIVE के आंकड़ों के अनुसार 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में INDIA गठबंधन को 130–144 सीटों का अनुमान, जबकि NDA को 95–109 सीटें दी गई हैं। वहीं अन्य दलों के लिए 0–8 सीटों का अनुमान है। यह वही बिहार है, जहां अब तक आए लगभग सभी सर्वे—राष्ट्रीय चैनलों से लेकर निजी एजेंसियों तक—NDA को आराम से बहुमत के करीब या उससे आगे रखते हुए दिखा रहे थे।

दिलचस्प बात यह है कि DB LIVE के सर्वे में क्षेत्रवार आंकड़े भी INDIA गठबंधन को बढ़त देते हैं। जैसे तिरहूत में INDIA को 31–33 सीटों का अनुमान है जबकि NDA को 16–18 सीटें दिखाई गई हैं। मघध में भी मुकाबला कड़ा दिखाते हुए DB LIVE ने NDA को 24–26 और INDIA को 20–22 सीटें दी हैं। दूसरी ओर पार्टीवार सीटों के अनुमान में RJD को 80–84, कांग्रेस को 24–28, और CPI(ML) को 13–15 सीटें बताई गई हैं—जो महागठबंधन के लिए मजबूत आधार की ओर इशारा करते हैं।

इस सर्वे ने राजनीतिक गलियारों में सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या DB LIVE का अनुमान जमीनी हकीकत का संकेत है या फिर यह भी एक नई चुनावी कहानी का हिस्सा?

क्योंकि दूसरी तरफ BJP, JDU और उनके सहयोगियों को बाकी सभी सर्वेयर मज़बूत स्थिति में दिखा रहे हैं। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि यह अंतर संकेत देता है कि बिहार चुनाव 2025 की तस्वीर उतनी एकतरफा नहीं है जितनी अब तक मानी जा रही थी।

अब असली सवाल यह बन रहा है—क्या DB LIVE का दावा ‘ग्राउंड पल्स’ को पकड़ रहा है या यह बाकी सर्वों से अलग किसी दूसरे राजनीतिक मानस को पढ़ रहा है?

जनता अंतिम फैसला EVM में दे चुकी है, और यह एक्सिट पोल की उलझनें सिर्फ 2025 की सबसे दिलचस्प चुनावी कहानी का ट्रेलर हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *