Home » National » जो RSS को जूते की नोक पर रखे, वही संघ का भगवान बन जाता है — पवन खेड़ा का अमित शाह पर करारा वार

जो RSS को जूते की नोक पर रखे, वही संघ का भगवान बन जाता है — पवन खेड़ा का अमित शाह पर करारा वार

नई दिल्ली 30 अक्टूबर 2025

 गृह मंत्री अमित शाह द्वारा यह कहे जाने पर कि कांग्रेस ने सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे महान व्यक्तित्व को भुला दिया, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने तीखा पलटवार किया है। खेड़ा ने कहा कि “जिस व्यक्ति को भुला दिया गया बताया जा रहा है, वह भारत के उप-प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने थे। ज़रा बताइए — कोई व्यक्ति कैसे ‘नज़रअंदाज़’ होकर पार्टी और सरकार दोनों के सर्वोच्च पदों तक पहुँच सकता है?”

खेड़ा ने कहा, “यही तथाकथित ‘उपेक्षित’ सरदार पटेल थे जिन्होंने गांधीजी की हत्या के बाद आरएसएस पर प्रतिबंध लगाया था। आज वही संगठन उनकी विरासत पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहा है।”

उन्होंने आरएसएस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “यही ‘उपेक्षित’ सरदार पटेल थे जिनके पुतले संघ ने जलाए थे, और अभी हाल तक उनके ख़िलाफ़ पुस्तकें मुफ्त में बाँटता रहा। अब वही संघ और उसकी सरकार उन्हें अपना आदर्श बताने का ढोंग कर रहे हैं।”

पवन खेड़ा ने तंज़ कसते हुए कहा, “हम सरदार पटेल से यह सीखते हैं कि जो संघ को जूते की नोक पर रखता है, संघ फिर आजीवन उसकी वंदना करता है।”

राजनीतिक हलकों में खेड़ा का यह बयान अमित शाह के कथन पर सीधा वार माना जा रहा है, जिसने कांग्रेस और बीजेपी के बीच सरदार पटेल की विरासत को लेकर एक नई वैचारिक जंग छेड़ दी है।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted