लखनऊ 25 अक्टूबर 2025
बिहार की राजनीति में अहम मोड़ आया जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के INDIA गठबंधन के फैसले का खुलकर समर्थन किया। अखिलेश यादव ने इस निर्णय पर कांग्रेस पार्टी और गठबंधन के अन्य नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि अब बिहार में बदलाव की नई कहानी लिखी जाएगी।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा, “मैं बधाई देना चाहता हूँ INDIA गठबंधन और कांग्रेस पार्टी के नेताओं को जिन्होंने तय किया है कि तेजस्वी के ही नेतृत्व में चुनाव होगा। हमें उम्मीद है कि बिहार की जनता तेजस्वी और INDIA गठबंधन को एक मौका देगी।”
यह बयान न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि विपक्षी एकजुटता का नया संदेश भी देता है। बिहार में महागठबंधन के अंदर कुछ समय से नेतृत्व को लेकर जारी चर्चाओं पर अब विराम लग गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज बिहार को एक ऐसी युवा नेतृत्व की जरूरत है जो बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों के मुद्दों पर गंभीरता से काम करे। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार एक नई दिशा पकड़ सकता है। उनका कहना था कि अब समय आ गया है कि बिहार की जनता “विकास, समानता और सम्मान” की राजनीति को चुने।
अखिलेश यादव का यह बयान न केवल बिहार राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी संकेत देता है। सपा प्रमुख का तेजस्वी यादव को समर्थन INDIA गठबंधन की एकजुटता को मजबूती देगा, खासकर तब जब विपक्षी एकता की परीक्षा होने वाली है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अखिलेश यादव का यह समर्थन उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच विपक्षी तालमेल को और सशक्त करेगा, जिससे बीजेपी के खिलाफ एक साझा रणनीति बन सकेगी।
अखिलेश यादव का यह बयान सिर्फ बधाई संदेश नहीं, INDIA गठबंधन के लिए एकजुटता का एलान है। अब सबकी निगाहें बिहार की राजनीति पर टिकी हैं, जहां तेजस्वी यादव के नेतृत्व में गठबंधन किस तरह जनता का भरोसा जीतता है, यह आने वाले दिनों में तय होगा।




