एबीसी नेशनल न्यूज | लखनऊ | 13 मार्च 2026
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता कांशीराम को याद करते हुए उनके संघर्ष और विजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और समाज के वंचित वर्गों को आवाज देने का ऐतिहासिक काम किया। राहुल गांधी ने कहा कि आज देश को कांशीराम के विचारों और उनके सामाजिक न्याय के संघर्ष को याद करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, “आज हम कांशीराम जी के संघर्ष, उनके विजन और भारत की राजनीति पर उनके प्रभाव को याद करते हैं और दिल से उनका धन्यवाद करते हैं।”
उन्होंने कहा कि कांशीराम ने दलित, पिछड़े और वंचित समाज को राजनीतिक रूप से संगठित करने का काम किया और उन्हें मुख्यधारा की राजनीति में जगह दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया। राहुल गांधी ने कहा कि उनका योगदान भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि सामाजिक समानता और न्याय के लिए कांशीराम का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने की बात कही।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि कांशीराम का नाम भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय और बहुजन आंदोलन के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है और उनके विचारों का प्रभाव आज भी विभिन्न राजनीतिक दलों और आंदोलनों में दिखाई देता है।




