Home » National » AI समिट में हंगामा: राहुल गांधी के करीबी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार, IYC के 8 हिरासत में

AI समिट में हंगामा: राहुल गांधी के करीबी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार, IYC के 8 हिरासत में

Facebook
WhatsApp
X
Telegram

एबीसी नेशनल न्यूज | नई दिल्ली | 24 फरवरी 2026

नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस कार्रवाई के साथ ही मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

इससे पहले पुलिस सात यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी जितेंद्र यादव, राज गुर्जर और अजय कुमार शामिल हैं। वहीं उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव रितिक उर्फ मोंटी शुक्ला को ललितपुर से हिरासत में लिया गया था।

पुलिस के अनुसार भारत मंडपम के हॉल नंबर-5 में आयोजित समिट के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर सरकार और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लिखी टी-शर्ट दिखाते हुए विरोध जताया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया।

एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 197 के साथ आपराधिक साजिश, सरकारी कार्य में बाधा, अवैध जमावड़ा और आदेश की अवहेलना जैसी धाराएं जोड़ी गई हैं, जिनमें अधिकतम तीन वर्ष की सजा का प्रावधान है।

जांच एजेंसियां प्रदर्शन के पीछे संभावित साजिश और फंडिंग के एंगल की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर क्यूआर कोड हासिल किए थे।

घटना के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी ने इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया, जबकि यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताते हुए इसे राष्ट्रीय हितों से जुड़ा विरोध करार दिया।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments