शाज़िया इक़बाल द्वारा निर्देशित फिल्म धड़क 2 इस समय न केवल सिनेमाघरों में चर्चा का विषय बनी हुई है, बल्कि यह फिल्म सामाजिक विमर्श के केंद्र में भी जगह बना रही है। यह फिल्म करण जौहर के प्रोडक्शन की अब तक की सबसे साहसी और बेबाक प्रस्तुति मानी जा रही है, जिसने बॉलीवुड के उस हिस्से को झकझोर कर रख दिया है जो अब तक जाति जैसे गंभीर मुद्दों को या तो छूने से कतराता रहा या फिर उसे प्रेम कहानी की आड़ में लपेटकर दिखाता रहा। सिद्धांत चतुर्वेदी और तृप्ति डिमरी द्वारा निभाए गए प्रमुख किरदारों की यह कहानी उस दर्द को सामने लाती है, जिसे देश का एक बड़ा तबका सदियों से झेल रहा है — सामाजिक बहिष्कार, जातिगत हिंसा और आत्मसम्मान की लगातार होती हत्या। धड़क 2 उन तमाम कथित “सभ्य समाज” के मुंह पर तमाचा है, जो संविधान की समानता की बात तो करता है, लेकिन व्यवहार में अपने भीतर छुपे जातिवादी ज़हर से मुंह नहीं मोड़ता।
फिल्म का नायक ‘नीलेश’ एक दलित युवक है, जिसकी महत्वाकांक्षा बहुत साधारण है — शिक्षा पाना, सम्मान से जीना, और किसी सामान्य इंसान की तरह प्रेम करना। लेकिन यही तीन चीज़ें उसके लिए असंभव बना दी जाती हैं, सिर्फ इसलिए कि उसका जन्म किसी ऊंची जाति में नहीं हुआ। नीलेश जब एक उच्च जाति की लड़की विद्धि से प्रेम करता है, तो उसके खिलाफ न केवल हिंसक साजिशें रची जाती हैं, बल्कि उसे समाज के हर स्तर पर अपमानित किया जाता है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे उसे सार्वजनिक रूप से पीटा जाता है, उसके साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाता है, और यहां तक कि उस पर पेशाब किया जाता है — यह सब उस समाज की बर्बरता को उजागर करता है, जो खुद को आधुनिक और उदार कहने का ढोंग करता है। क्लाइमेक्स में जब नीलेश अपने अत्याचारी रॉनी को घसीटता है और उस पर हिंसक प्रतिक्रिया करता है, तब दर्शक एक अजीब से संतोष का अनुभव करते हैं। वह दृश्य नायक के न्याय की पुकार है, न कि पागलपन की अभिव्यक्ति — और यही उस दृश्य को यादगार बना देता है।
यहां फिल्म धड़क 2 की तुलना हॉलीवुड की चर्चित फिल्म जोकर से की जा रही है, जहां आर्थर फ्लेक जैसे पात्र को समाज की उपेक्षा और तिरस्कार एक पागल हत्यारे में बदल देता है। धड़क 2 में नीलेश उसी कगार पर खड़ा है, लेकिन वह पूरी तरह टूटता नहीं, पागल नहीं होता, बल्कि भीतर से और अधिक मजबूत हो जाता है — और यही इस फिल्म को केवल एक क्रांतिकारी प्रेम कहानी नहीं, बल्कि एक सामाजिक दस्तावेज़ बना देता है। लेखक रोहन नाहर ने इस फिल्म को ‘सबवर्शन ऑन अ मासिव लेवल’ कहकर इसकी तुलना उस प्रभाव से की है, जो जोकर ने वैश्विक दर्शकों पर डाला था। नीलेश की हिंसा केवल हिंसा नहीं, बल्कि वर्षों की कुचली गई आत्मा की आवाज़ है — एक ऐसी आवाज़ जिसे हम अक्सर अनसुना कर देते हैं।
हालांकि फिल्म में कुछ व्यावसायिक तत्व भी मौजूद हैं — जैसे हल्के-फुल्के कॉमिक सीक्वेंस, गानों की मौजूदगी और कुछ जगहों पर पारंपरिक मेलोड्रामा — लेकिन ये सब मिलकर फिल्म की आत्मा को कमजोर नहीं करते, बल्कि इसे उस दर्शक वर्ग तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं जो शायद कभी परियेरुम पेरुमाल जैसी तमिल फिल्मों को न देखे। जी हां, धड़क 2 तमिल फिल्मकार मरिय सेल्वराज की कालजयी कृति परियेरुम पेरुमाल का रीमेक है, लेकिन शाज़िया इक़बाल ने इसे भारतीय मुख्यधारा सिनेमा के लायक बनाते हुए इसकी संवेदना को बरकरार रखा है। नीलेश का संघर्ष सिर्फ प्रेम को लेकर नहीं है, बल्कि शिक्षा, सम्मान और अस्तित्व को लेकर है। एक दृश्य में जब वह एससी/एसटी कोटे के तहत लॉ कॉलेज में प्रवेश करता है और फिर भी अपने ही सहपाठियों के तानों का शिकार बनता है, तब दर्शक उस पीड़ा को भीतर तक महसूस करता है — वह शिक्षा जो उसके लिए चमत्कार है, समाज के लिए अब भी उपहास का विषय है।
तृप्ति डिमरी द्वारा निभाई गई विद्धि का किरदार भी अपने आप में एक चुनौती है। वह समाज की एक ऐसी परत से आती है, जहां प्रेम से अधिक महत्त्व सम्मान का होता है — और ‘सम्मान’ का मतलब यहां पितृसत्तात्मक और जातिवादी सोच है। रॉनी का बार-बार विद्धि को धमकाना, मार डालने की बात करना और नीलेश को ‘जमीन दिखा देने’ की धमकियां फिल्म को उस यथार्थ की ओर ले जाती हैं जिसे हम अक्सर अख़बारों में ‘ऑनर किलिंग’ के नाम से पढ़ते हैं। लेकिन फिल्म की खासियत है कि यह कभी भी खुद को सनसनीखेज बनाने के चक्कर में नहीं पड़ती, न ही यह भावनाओं का दोहन करती है। यह कहानी कहती है — बिना झुके, बिना चीखे, लेकिन इतनी स्पष्टता और ताकत के साथ कि उसका असर बहुत देर तक बना रहता है।
शाज़िया इक़बाल की यह फिल्म महिला निर्देशकों की नई पीढ़ी की एक साहसी शुरुआत है, विशेषकर तब जब वह खुद एक अल्पसंख्यक और महिला होने के नाते दोहरी चुनौती झेलती हैं। उनकी फिल्म में एक असहज करने वाली ईमानदारी है, जो आज के दौर के लिए दुर्लभ है। वे इस फिल्म में सामाजिक संरचनाओं की परतें खोलती हैं, उनका पर्दाफाश करती हैं और दर्शकों को सवाल पूछने पर मजबूर कर देती हैं। फिल्म की कुछ सीमाएं ज़रूर हैं — जैसे एकाध अनावश्यक गाना या सामान्य बैकग्राउंड स्कोर — लेकिन ये सब शाज़िया की फिल्म के मूल विचार के आगे गौण हो जाते हैं। इस फिल्म को देखकर साफ महसूस होता है कि निर्देशक की आत्मा इस प्रोजेक्ट से जुड़ी रही है।
फिल्मकार करण जौहर के लिए भी यह फिल्म एक आत्मविश्लेषण का अवसर है। जिन्होंने अब तक भव्यता, प्रेम, और चमकती दुनिया को परदे पर दिखाने में महारथ हासिल की है, अब उनके प्रोडक्शन से निकली यह फिल्म एक सामाजिक क्रांति की दस्तक है। धड़क 2 करण जौहर के करियर की सबसे साहसी फिल्म है — एक ऐसी फिल्म जिसे वे केवल ‘स्पिरिचुअल सीक्वल’ कहकर नहीं टाल सकते, बल्कि गर्व से अपनी उपलब्धियों की सूची में रख सकते हैं। अगर सिनेमा समाज का आईना है, तो धड़क 2 उस आईने का टूटा हुआ टुकड़ा है — जिसमें दिखने वाला चेहरा सुंदर नहीं, लेकिन सच्चा है।
भारत जैसे देश में, जहां अब भी बच्चों की हत्या उनके जन्म से पहले ही उनके लिंग या जाति के आधार पर कर दी जाती है, जहां एक आदमी को केवल मूंछ रखने पर मार दिया जाता है, और जहां शिक्षा, न्याय, रोज़गार, और भोजन तक जाति की छाया से मुक्त नहीं हो पाए हैं — वहां ऐसी फिल्में जरूरी हैं। धड़क 2 यही सवाल पूछती है — क्या हम वाकई एक लोकतांत्रिक समाज में जी रहे हैं? क्या संविधान की बराबरी हमारे व्यवहार और मानसिकता में भी है या केवल किताबों में?
धड़क 2 कोई मनोरंजक प्रेम कहानी नहीं है। यह एक सामाजिक दस्तावेज़ है, एक चीख है — उन लोगों की, जिनकी आवाज़ सदियों से दबा दी जाती रही है। यह फिल्म बदलाव की आहट है, जो सिनेमा से निकलकर समाज के ज़मीर तक दस्तक देती है। शाज़िया इक़बाल ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादा साफ हो, तो सीमाएं टूटती हैं और सिनेमा बोलता है — सच बोलता है।





